स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में जुटा प्रशासन, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान

सहरसा में 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी ने समीक्षा बैठक की. परेड, ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया.

सहरसा : आगामी 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन को लेकर गुरुवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध, समन्वित एवं जिम्मेदारीपूर्ण ढंग से कार्य करने का निर्देश दिया.

सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन राष्ट्रीय गौरव, अनुशासन और गरिमा के अनुरूप किया जाए. इसके लिए परेड, ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मंच एवं बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं. उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करने का निर्देश दिया.

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया जाएगा सम्मानित

डीएम ने बताया कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर खेल, कला, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं पदाधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा. जिले में संचालित साप्ताहिक जांच परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मान मिलेगा.

टीबी अभियान और एग्रीटेक से जुड़े कर्मियों का भी होगा सम्मान

उन्होंने बताया कि टीबी मुक्त भारत अभियान और एग्रीटेक परियोजना के तहत किसानों के पंजीकरण अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को भी सम्मानित किया जाएगा. इसके अलावा सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद कर उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले राहवीरों को भी समारोह में सम्मानित किया जाएगा.

राहवीरों को मिलेगी 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि

जिलाधिकारी ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा भारत सरकार की गुड सेमेरिटन योजना के तहत पात्र राहवीरों को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी.

समारोह को भव्य और सुरक्षित बनाने पर जोर

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने, कार्यक्रम स्थल का पूर्वाभ्यास कराने और सभी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह राष्ट्र के प्रति सम्मान, जनभागीदारी और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है. इसलिए सभी विभाग समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर समारोह को भव्य, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाएं.

बैठक में पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग, नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा, अपर समाहर्ता आपदा निशांत, जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रमोद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सदर आलोक कुमार एवं सिमरी बख्तियारपुर, जिला परिवहन पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुजीत कुमार वरणवाल, सिविल सर्जन राजनारायण प्रसाद, कार्यपालक अभियंता भवन, पीएचईडी, जिला समाज शाखा प्रभारी पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vinay kumar mishra

Published by: Shruti Kumari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >