सहरसा. नगर निगम क्षेत्र के डीबी रोड स्थित एक भवन में ब्राह्मण समाज की संगठनात्मक मजबूती, सामाजिक एकजुटता एवं समाजहित के विभिन्न मुद्दों पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में समाज के बुद्धिजीवियों, सामाजिक संगठकों एवं युवा प्रतिनिधियों ने शिक्षा, युवा नेतृत्व, संगठन विस्तार तथा सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया. बैठक की अध्यक्षता प्रभात रंजन झा ने की. जबकि पूर्णिया से आये आशीष झा बब्बू ने मुख्य वक्ता के रूप में समाज की एकता एवं संगठित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर देते मौजूद लोगों का मार्गदर्शन किया. उन्होंने कहा कि बिहार के सभी जिलों में इस तरह की बैठकें आयोजित की जा रही हैं. जिससे समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके.
जिला स्तरीय बैठकों के बाद पटना में एक विशाल राज्यस्तरीय सम्मेलन की भी तैयारी पर चर्चा
जिला स्तरीय बैठकों के बाद पटना में एक विशाल राज्यस्तरीय सम्मेलन आयोजित करने की कार्ययोजना पर भी सहमति बनाई जा रही है. बैठक में सहरसा ब्राह्मण महासभा के मधुकांत झा, संजय मिश्रा, भगवान झा, पूर्व मुखिया दीपनारायण ठाकुर, अक्षय चौधरी, शैलेश झा, डॉ अमित कन्हैया, राजेश रंजन झा, राहुल बनगांव, रौशन माधव, राहुल झा सहित कई गणमान्य लोगों ने अपने विचार रखे. वक्ताओं ने समाज में शिक्षा के प्रसार, युवाओं की सक्रिय भागीदारी, संगठन को गांव स्तर तक मजबूत बनाने एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने पर बल दिया.
बैठक के अंत में प्रतिभागियों के प्रति जताया आभार
बैठक के अंत में सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया. वक्ताओं ने विश्वास जताया कि इस प्रकार की पहल से ब्राह्मण समाज को अधिक संगठित, जागरूक एवं सकारात्मक दिशा मिलेगी. बैठक का समापन संगठन ही शक्ति है, समाज की प्रगति सामूहिक चिंतन एवं सामूहिक प्रयास से ही संभव है के संदेश के साथ हुआ.
ALSO READ भागलपुर के नाथनगर में दो मासूमों की हत्या के बाद उबाल, आरोपित को खोजते हुए थाना पहुंचे ग्रामीण
