मध्याह्न भोजन नहीं संचालित करने को लेकर की कार्रवाई सहरसा . प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी व बीडीओ नवहट्टा के पत्र के आलोक में प्रधानाध्यापक उत्क्रमित मध्य विद्यालय लालपुर अंचल नवहट्टा ललन कुमार वर्मण को जिला शिक्षा पदाधिकारी ने निलंबित किया है. बिहार सरकारी सेवक नियमावली के संगत प्रावधानों के के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित करते विभागीय कार्रवाई संचालित करने का निर्णय लिया. बीईओ, बीडीओ एवं प्रखंड साधनसेवी पीएम पोषण योजना नवहट्टा द्वारा समर्पित जांच प्रतिवेदन में उत्कमित मध्य विद्यालय लालपुर के प्रधानाध्यापक द्वारा लगभग एक वर्ष से मध्याह्न भोजन योजना को बंद रखने के कारण विद्यालय में मध्याह्न भोजन योजना का 57 बोरा चावल को खराब स्थिति में रखने व अपने रिश्तेदारों को रसोईया सह सहायक में चयन करने के संबंध में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी पीएम पोषण योजना का पूछे गये स्पष्टीकरण का जवाब समर्पित नहीं करना उनके स्वेच्छाचारिता व उच्चाधिकारी आदेश अवहेलना को परिलक्षित करता है. निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी बनमा ईटहरी निर्धारित किया गया. विभागीय कार्यवाही के संचालन के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी माध्यमिक शिक्षा एवं साक्षरता मिथिलेश कुमार को संचालन पदाधिकारी एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, नवहट्टा सहरसा को उपस्थान पदाधिकारी नियुक्त किया है. संचालन पदाधिकारी निर्धारित समयावधि में विहित प्रक्रियाओं का अनुसरण करते विभागीय कार्यवाही सम्पन्न कर विहित प्रपत्र में जांच प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया है. ………………………………………………………………………………….. नाबालिग लड़की गायब, घर से जेवर व नगदी चोरी सहरसा सदर थाना क्षेत्र के नया बाजार वार्ड संख्या 3/11 निवासी गोपाल मिश्रा ने पुत्री के गायब होने व घर से जेवरात सहित नगदी की चोरी को लेकर सदर थाना में आवेदन दिया है. दिए आवेदन में पीड़ित ने बताया कि बीते शुक्रवार की सुबह उठने पर उन्होंने देखा कि उनके घर का बक्सा खुला है. जिसमें रखा सोने का सिक्का, बाली (करीब साढ़े तीन भर) समेत लगभग पांच लाख रुपये के जेवर व एक लाख रुपये नगद गायब थे. साथ ही उनकी 18 वर्षीय पुत्री भी घर से लापता है. उन्होंने आरोप लगाया है कि सिसई अगवानपुर निवासी संजय कुमार वर्मा का पुत्र नवनीत आनंद उर्फ सौरभ लाल उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर ले गया है. परिजनों ने बताया कि आरोपी ने फोन पर धमकी भी दी है. आवेदन के आधार पर सदर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है. ………………………………………………………………………………… नयी शिक्षा नीति पर बवाल, पीएम श्री व्यवस्था से बढ़ी परेशानी, ग्रामीणों में रोष सलखुआ नयी शिक्षा नीति के तहत प्रखंड के एक उच्च विद्यालय को पीएमश्री का दर्जा देकर आसपास के विद्यालयों का पुनर्गठन किया गया है. लेकिन सलखुआ में इस व्यवस्था को लेकर छात्रों, अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों के बीच असंतोष गहराता जा रहा है. जानकारी के अनुसार एमएमडी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सलखुआ को पीएमश्री उच्च विद्यालय बनाया गया है. इसके साथ ही मध्य विद्यालय सलखुआ को प्राथमिक विद्यालय में परिवर्तित करते हुए कक्षा 6, 7 और 8 के विद्यार्थियों को पीएमश्री विद्यालय में स्थानांतरित कर दिया गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यवस्था लागू होने के बाद छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में कमी देखी जा रही है. अभिभावकों के अनुसार अचानक हुए बदलाव से बच्चों को नयी व्यवस्था में सामंजस्य बैठाने में कठिनाई हो रही है. पहले से सुचारू रूप से संचालित मध्य विद्यालय की पहचान और शैक्षणिक वातावरण पर भी असर पड़ा है. पंचायत के मुखिया रणवीर यादव, वीआईपी के प्रदेश प्रवक्ता मिथिलेश विजय, भाजपा के सर्वेश साह, राजद के पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष सह पैक्स अध्यक्ष रतिलाल यादव, पूर्व प्रमुख अशोक यादव, लोजपा आर के प्रखंड अध्यक्ष अरुण यादव, राजद के जिला उपाध्यक्ष बिनोद यादव, अधिवक्ता बसंत कुमार, एडवोकेट जनार्दन यादव, डाॅ रोहित कुमार, शैलेंद्र यादव, अमित कुमार बउआ सहित कई गणमान्य लोगों ने इस निर्णय पर नाराजगी जताई है. उनका कहना है कि शिक्षा में सुधार लाने के बजाय अधिकारियों ने एक अच्छे-खासे चल रहे विद्यालय को कमजोर कर दिया है. यदि व्यवस्था को प्रयोगात्मक रूप से लागू करना ही था तो ऐसे मध्य विद्यालयों को मर्ज किया जा सकता था जो पहले से ही संसाधनों के अभाव में जूझ रहे हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षा विभाग को बच्चों के हित में ठोस और व्यावहारिक कदम उठाने चाहिए, न कि ऐसी व्यवस्था को बढ़ावा देना चाहिए जिससे असुविधा बढ़े. उनका मानना है कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए शिक्षक-उपलब्धता, संसाधन और आधारभूत संरचना को मजबूत करना ज्यादा जरूरी है. ग्रामीणों ने मांग की है कि विभाग इस निर्णय की समीक्षा करे और ऐसी पहल करे जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो तथा सलखुआ में शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिले. फिलहाल नयी व्यवस्था को लेकर सलखुआ में बहस जारी है और अभिभावकों की निगाहें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी है.
उत्क्रमित मध्य विद्यालय लालपुर नवहट्टा के प्राचार्य को डीईओ ने किया निलंबित
उत्क्रमित मध्य विद्यालय लालपुर नवहट्टा के प्राचार्य को डीईओ ने किया निलंबित
