पेड़ में फांसी के फंदा से लटका मिला युवक का शव

सोमवार की अहले सुबह घर से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित एक आम के बगीचा में पेड़ में फांसी के फंदा से लटका शव मिला.

परिजनों ने नशे का शिकार रहने से तनाव में आत्महत्या करने की कही बात

पतरघट. स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत गोलमा पूर्वी पंचायत स्थित तिलाठी बस्ती वार्ड 13 निवासी ओमप्रकाश मंडल के 18 वर्षीय पुत्र घनश्याम कुमार का सोमवार की अहले सुबह घर से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित एक आम के बगीचा में पेड़ में फांसी के फंदा से लटका शव मिला. सुबह सबेरे बगीचा की तरफ निकले ग्रामीणों ने मृतक घनश्याम के शव को फांसी के फंदे से लटका देखा तो इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी. परिजनों द्वारा घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचकर फांसी के फंदे से लटके हुए शव को नीचे उतारते पुलिस को सूचना दी. सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पतरघट थाना अध्यक्ष शशि कुमार कुमार के नेतृत्व में अपर थाना अध्यक्ष दुर्गेश कुमार, एसआइ प्रशांत, पीटीसी धर्मवीर चौधरी पुलिस बल के साथ पहुंचे व परिजनों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी लेते हुए घटना के सभी बिंदुओं पर जांच जारी की.

एसएफएल टीम ने घटनास्थल पर जांच कर जुटाए साक्ष्य

सूचना पाकर घटना स्थल पर एसडीपीओ आलोक कुमार के पहुंचने तक मामला हत्या या आत्महत्या के बीच उलझा रहा. पुलिस द्वारा घटना स्थल की घेराबंदी कर एफएसएल टीम को सूचना देकर बुलाया गया. हुसैन अख्तर के नेतृत्व में पहुंची एसएफएल टीम ने घटना के सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर साक्ष्य का संग्रह किया. पुलिस द्वारा जांच के दौरान मृतक के पास एक मोबाइल, माचिस, ब्लेड, एयरब्डस, एक सिम, एक सुलेशन ट्युब, 200 नगदी सहित आधार कार्ड मिलने की बात कही गयी. पारिवारिक कलह में नशे का शिकार घनश्याम द्वारा आत्महत्या किये जाने की संभावना व्यक्त की गयी है.

मृतक के बड़े भाई श्रीराम कुमार का कहना है कि वे एक सप्ताह से घर से बाहर किसी संबंधी के यहां था. रविवार को घर आने पर परिजनों से मालूम हुआ कि चार रोज से घनश्याम कभी कभार घर आकर खाना खाता था और घर पर नहीं रहता है. रविवार को दिन में बात होने पर बताया था कि दिल्ली जायेंगे. देर शाम घनश्याम के मोबाइल पर फोन किया तो रिसीव नहीं किया. तब ये लोग खाना खाकर सो गये. सोमवार की सुबह पता चला कि आम के बगीचा में उसका फांसी के फंदा से शव लटका मिला है. इनका कहना था कि गांव का कोई व्यक्ति उसकी शिकायत करने कुछ दिन पूर्व उसके घर आया था. उस दिन से वह घर से अक्सर बाहर तनाव में रहता था. परिजनों का किसी पर कोई आरोप नहीं है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मामले का खुलासा

इस बाबत एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि सुबह लगभग सात बजे थाना अध्यक्ष को सूचना मिली कि घनश्याम कुमार का आम के बगीचा में फांसी के फंदा से शव लटका मिला है. सूचना के आलोक में एसएफएल टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन किया गया है. मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट का निशान नहीं है. शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मामले का खुलासा होगा. इस बाबत थाना अध्यक्ष शशिकुमार ने बताया कि युवक के पिता ओमप्रकाश मंडल ने दिये आवेदन में मौत का कारण नशे का शिकार रहने से तनाव में आत्महत्या किये जाने की बात कही है. उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा यूडी केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >