हथियार के साथ बदमाश गिरफ्तार, बड़ी वारदात की साजिश नाकाम
चिरैया थाना पुलिस ने शनिवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बदमाश को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस को देखते ही भागने लगा आरोपी, खदेड़कर पकड़ा
सिमरी बख्तियारपुर. चिरैया थाना पुलिस ने शनिवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बदमाश को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित बड़ी आपराधिक घटना टल गयी. गिरफ्तार बदमाश के घर से एक कट्टा बरामद किया गया है. मामले को लेकर रविवार को बख्तियारपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने जानकारी दी. उन्होंने बताया कि चिरैया थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के बनाही गांव में एक युवक हथियार लहराते हुए घूम रहा है तथा किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस टीम का गठन किया गया और बताये गये स्थान पर छापेमारी की गयी. पुलिस टीम जैसे ही बदमाश के घर पहुंची, पुलिस को देखते ही वह भागने लगा. हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली, जहां से एक कट्टा बरामद किया गया. पूछताछ के दौरान गिरफ्तार युवक ने अपनी पहचान बनाही गांव निवासी स्व रामचंद्र पोद्दार के पुत्र अनिल पोद्दार के रूप में बतायी. पुलिस द्वारा उससे गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी आपराधिक गिरोह से जुड़ा हुआ है या नहीं तथा हथियार कहां से लाया गया था. एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश को सहरसा न्यायालय भेजते हुए मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. वहीं पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है.