प्राथमिक विद्यालय बगरौली में ताला लगाने को लेकर विवाद, ग्रामीणों में आक्रोश

विद्यालय के मुख्य द्वार का ताला तोड़े जाने और हाल ही में कथित तौर पर एक व्यक्ति द्वारा गेट पर अपना ताला जड़ देने की घटना ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है.

सिमरी बख्तियारपुर. प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बगरौली में विद्यालय के मुख्य द्वार का ताला तोड़े जाने और हाल ही में कथित तौर पर एक व्यक्ति द्वारा गेट पर अपना ताला जड़ देने की घटना ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है. इस मनमानी को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है और प्रशासन से त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है.

असामाजिक तत्वों पर स्कूल का ताला तोड़ने का आरोप

विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक निराला कुमार ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में बताया कि अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा स्कूल के मुख्य द्वार का ताला तोड़ दिया गया. उन्होंने बताया कि बीते 27 मार्च को सुबह करीब 10 बजे जब वे विद्यालय पहुंचे तो गेट का ताला टूटा हुआ पाया गया. आसपास मौजूद युवकों से पूछताछ की गयी, लेकिन कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी. मामला उस वक्त और गंभीर हो गया जब तीन दिन पूर्व विद्यालय के मुख्य द्वार पर किसी अन्य व्यक्ति का ताला लटका मिला. प्रधानाध्यापक का आरोप है कि विद्यालय के करीब के एक व्यक्ति ने पुराना ताला तोड़कर अपना ताला लगा दिया है. जब इस संबंध में उनसे बात की गयी तो उन्होंने यह कहते हुए अपनी कार्रवाई को सही ठहराया कि विद्यालय उनकी जमीन पर बना है, इसलिए उन्हें ताला लगाने का अधिकार है.

छात्रों की पढ़ाई हो रही प्रभावित, ग्रामीणों में नाराजगी

मुख्य द्वार बंद रहने के कारण छात्र-छात्राओं को विद्यालय में प्रवेश करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे पठन-पाठन बाधित हो रहा है. इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि यह विद्यालय कई वर्षों से संचालित हो रहा है और गांव की कई पीढ़ियां यहां शिक्षा प्राप्त कर चुकी हैं. उनका स्पष्ट कहना है कि सरकारी विद्यालय के गेट पर ताला लगाने का अधिकार केवल विद्यालय प्रशासन को है, किसी निजी व्यक्ति को नहीं है.

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

मामले की गंभीरता को देखते हुए बख्तियारपुर थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है. थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने एवं शांति भंग करने वाले तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >