सहरसा में श्रम मंत्री का पुतला दहन, 10 अगस्त को जेल भरो आंदोलन का ऐलान

सहरसा में निर्माण मजदूरों ने बिहार सरकार के श्रम मंत्री का पुतला फूंका. उन्होंने सरकार पर मजदूरों की अनदेखी और योजनाओं का लाभ न देने का आरोप लगाया. विरोध स्वरूप 10 अगस्त को जेल भरो आंदोलन की घोषणा की गई है.

सहरसा : बिहार राज्य निर्माण कामगार यूनियन जिला कमिटी के बैनर तले मंगलवार को पूरब बाजार हटिया गाछी स्थित मजदूर पड़ाव पर बिहार सरकार के श्रम मंत्री का पुतला दहन किया गया. इससे पूर्व निर्माण मजदूरों ने श्रम मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया.

मजदूरों की अनदेखी का लगाया आरोप

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूनियन के जिला सचिव मो. नसीम उद्दीन ने कहा कि निर्माण मजदूरों के हित में गठित बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड कभी मजदूरों के लिए सहारा था, लेकिन अब यह केवल कागजों तक सीमित होकर रह गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एवं श्रम विभाग योजनाओं का प्रचार तो कर रहे हैं, लेकिन धरातल पर मजदूरों को उनका लाभ नहीं मिल रहा है. नई नियमावली एवं पोर्टल का हवाला देकर मजदूरों को योजनाओं से वंचित किया जा रहा है.

10 अगस्त को होगा जेल भरो आंदोलन

यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष दुखी शर्मा ने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड का गठन हुआ था और पूरे जिले में निर्माण मजदूरों का पंजीकरण अभियान चलाया गया था. लेकिन वर्तमान में मजदूरों को कल्याणकारी योजनाओं से वंचित करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इसके विरोध में 10 अगस्त को जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष राष्ट्रव्यापी जेल भरो आंदोलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले के सभी प्रखंडों से बड़ी संख्या में निर्माण मजदूर भाग लेंगे.

उन्होंने सभी निर्माण मजदूरों से आंदोलन में एकजुट होकर शामिल होने की अपील की.

पुतला दहन कार्यक्रम में मो. मकसूद, रंजीत शर्मा, मो. असलम, मो. इनामुल, मनोज शर्मा, नसीम मिस्त्री, दिलीप शर्मा, कारी शर्मा, मुस्तकीम सलाम, सैयद मोहम्मद हासिम रहमान, शमसुल, लखन शर्मा, मो. मन्ना, मो. तजमुल, मो. राजू, मो. सिरमान सहित बड़ी संख्या में सीटू के कार्यकर्ता एवं निर्माण मजदूर उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vinay kumar mishra

Published by: Shruti Kumari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >