SAHARSA : एमएलटी कॉलेज कर्मचारियों ने दिया कलमबंद धरना
बुधवार को मनोहर लाल टेकरीवाल कॉलेज में शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कलमबंद धरना दिया.
सहरसा से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट :
बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर बुधवार को मनोहर लाल टेकरीवाल कॉलेज में शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कलमबंद धरना दिया. धरना कार्यक्रम संघ सचिव शैलेंद्र मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित किया गया. धरना में शामिल कर्मचारियों ने प्रोन्नति की आयु सीमा 62 वर्ष से बढ़ाकर 65 वर्ष करने, महंगाई भत्ता के अंतर राशि का भुगतान, नवअंगीभूत महाविद्यालयों के कर्मियों को सातवें वेतनमान के बकाया का भुगतान, संविदा, दैनिक वेतनभोगी एवं स्टाफिंग कर्मियों के सेवा नियमितीकरण की मांग उठाई. इसके अलावा वेतन सत्यापन कोषांग की मनमानी पर भी कर्मचारियों ने नाराजगी जताई. दो दिवसीय धरना कार्यक्रम के पहले दिन रूपम सिन्हा, सुजीत कुमार, लखन कुमार, प्रशांत कुमार, जितेंद्र कुमार, गौरव कुमार, कुमार सौरभ, अजीत झा, गणपति कुमार झा, प्रकाश कुमार, स्वतंत्र कुमार झा, मंटू कुमार सहित कई कर्मचारी धरना पर बैठे रहे. कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. धरना स्थल पर कर्मचारियों ने एकजुटता दिखाते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.