हरसा के सलखुआ में पंजाब नेशनल बैंक की फैनसाहा शाखा से दो खातों में जमा कुल 4 लाख 32 हजार रुपये की कथित निकासी का मामला सामने आया है. चानन पंचायत के सहुरिया बसाही गांव निवासी मजदूर दंपती रघुवीर महतो और गुलाब देवी का आरोप है कि उनकी जानकारी के बिना खातों से रकम निकाल ली गई. पीड़ितों ने बीडीओ समेत डीएम और एसडीओ से शिकायत कर पूरी राशि वापस कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. मामले की जांच शुरू कर दी गयी है.
दो खातों से 4 लाख 32 हजार रुपये निकासी का आरोप
बीडीओ को दिए आवेदन के अनुसार रघुवीर महतो के खाते से 3 लाख 34 हजार रुपये और उनकी पत्नी गुलाब देवी के खाते से 98 हजार रुपये निकाले गए हैं. दंपती का कहना है कि वे दूसरे राज्यों में मजदूरी कर अपनी कमाई बैंक खातों में जमा करते थे. पीड़ितों ने बैंक खाते का विवरण और अपडेट कॉपी आवेदन के साथ संलग्न करते हुए कथित निकासी की जांच और राशि वापस कराने की मांग की है.
घर बनाने के लिए पैसे निकालने पहुंचे तो हुआ खुलासा
रघुवीर महतो ने बताया कि वह राजस्थान में मजदूरी करते हैं. उनके खाते में पीएम किसान, क्षतिपूर्ति और अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित राशि भी आती थी. घर निर्माण के लिए रुपये निकालने बैंक पहुंचे तो उन्हें खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने की जानकारी मिली.उन्होंने आरोप लगाया कि खाता अपडेट कराने की मांग करने पर बैंक में उनके साथ कथित रूप से डांट-फटकार की गई और उन्हें वहां से जाने को कहा गया. इसके बाद उन्होंने अपना खाता राजस्थान के सूरत स्थित बैंक में स्थानांतरित कराया. वहां खाता अपडेट कराने पर उन्हें पूर्व खाते से राशि निकाले जाने की जानकारी मिली.
बैंक मैनेजर और बिचौलिये पर मिलीभगत का आरोप
रघुवीर महतो ने बैंक मैनेजर और एक बिचौलिये की कथित मिलीभगत से खाते से रुपये निकाले जाने का आरोप लगाया है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.वहीं गुलाब देवी ने बताया कि उनके खाते में इंदिरा आवास और शौचालय से संबंधित राशि आई थी. ईंट खरीदने के लिए रुपये निकालने बैंक पहुंचने पर खाते में पर्याप्त रकम नहीं मिली. उन्होंने भी खाता अपडेट कराने के दौरान अपने और पति के साथ कथित दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया है.
डीएम और एसडीओ से भी की शिकायत
पीड़ित दंपती ने खुद को गरीब परिवार बताते हुए कथित रूप से निकाली गई पूरी राशि वापस कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने आवेदन की प्रतिलिपि सिमरी बख्तियारपुर के अनुमंडल पदाधिकारी और सहरसा के जिला पदाधिकारी को भी भेजी है.
रकम कैसे निकली, जांच में खुलेगा राज
खातों से रकम किस माध्यम से निकाली गई, निकासी किस व्यक्ति ने की और इसमें बैंककर्मी या किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा. फिलहाल दंपती की ओर से लगाए गये आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
बीडीओ बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
बीडीओ ने बताया कि दंपती की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है. जांच में यदि कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.
