सहरसा : जिले के क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए खुशी की खबर है. फ्रेंड्स क्रिकेट एकेडमी के प्रतिभावान खिलाड़ी अमन राज का चयन बिहार क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित अंडर-19 वीनू मांकड़ ट्रॉफी के फिटनेस एवं स्किल कैंप के लिए किया गया है. कैंप के लिए चयनित 70 खिलाड़ियों की सूची में अमन राज को भी जगह मिली है.
अमन का चयन बिहार क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित घरेलू प्रतियोगिताओं में उनके बेहतर प्रदर्शन के आधार पर चयन समिति ने किया है. उनके चयन की खबर मिलते ही फ्रेंड्स क्रिकेट एकेडमी के साथ जिले के क्रिकेट खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खुशी की लहर है.
दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं अमन राज
हटिया गाछी निवासी अमन राज, ईवनिंग कॉलेज में प्रधान सहायक के पद पर कार्यरत अनिल कुमार साह के पुत्र हैं. अमन दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं. उन्होंने नियमित अभ्यास, खेल के प्रति लगन और मेहनत के दम पर घरेलू प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है.
उनके इसी प्रदर्शन को देखते हुए चयन समिति ने उन्हें फिटनेस एवं स्किल कैंप के लिए योग्य पाया है. अब कैंप में बेहतर प्रदर्शन कर अमन की नजर अंडर-19 वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए बिहार की टीम में जगह बनाने पर होगी.
जिले के युवा क्रिकेटरों के लिए बनेगी प्रेरणा
अमन राज के चयन को जिले के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है. उनके चयन से युवा खिलाड़ियों में क्रिकेट के प्रति उत्साह बढ़ने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलने की उम्मीद है.
जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार, उपाध्यक्ष आशीष कुमार कात्यायन, सचिव विश्वजीत बनर्जी, संयुक्त सचिव आशुतोष आनंद, कोषाध्यक्ष असफहान खान सहित संघ के पदाधिकारियों और खेलप्रेमियों ने अमन राज को बधाई दी.
सभी ने अमन को कैंप में बेहतर प्रदर्शन कर बीसीसीआई की अंडर-19 वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए चयनित होने की शुभकामना दी.
अमन राज के चयन की खास बातें
- बिहार क्रिकेट संघ के फिटनेस एवं स्किल कैंप के लिए चयन.
- कैंप में कुल 70 खिलाड़ियों को जगह मिली है.
- अमन राज फ्रेंड्स क्रिकेट एकेडमी के खिलाड़ी हैं.
- घरेलू प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर चयन.
- अमन दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं.
- अब कैंप में प्रदर्शन के जरिए बिहार की अंडर-19 टीम में जगह बनाने की चुनौती.
सहरसा मंडी में आज किस अनाज का बढ़ा भाव और किसका घटा? क्लिक करें और देखें पूरा रेट
