सड़क हादसे में युवक की मौत, एनएच 107 पर शव रखकर दो घंटे किया जाम

बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद मजदूर युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार दोपहर बाद मृतक के शव को एनएच 107 पर पहाड़पुर बाजार में सड़क पर रख कर जाम कर दिया.

मुआवजे के आश्वासन पर माने ग्रामीण

सिमरी बख्तियारपुर. बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद मजदूर युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार दोपहर बाद मृतक के शव को एनएच 107 पर पहाड़पुर बाजार में सड़क पर रख कर जाम कर दिया. घटना को लेकर इलाके में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा. जानकारी के मुताबिक, भटौनी पंचायत के नैनपुर गांव वार्ड संख्या एक निवासी ठिठर सादा के 25 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार गुरुवार की सुबह सिमरी बख्तियारपुर-सोनवर्षा राज एनएच 107 पर बाइक की टक्कर में गंभीर रूप से घायल हो गये थे. इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गयी. मौत के बाद स्वजन व ग्रामीण आक्रोशित हो गये और दोपहर बाद घटनास्थल के समीप बांस-बल्ला लगाकर तथा टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया.

घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात

जाम की सूचना पर आरओ खुशबू कुमारी, बख्तियारपुर थाना के दारोगा अमरजीत सिंह, सुधीर कुमार, रामनाथ पासवान सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण वरीय पदाधिकारी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे. इसके बाद जाम स्थल पर बीडीओ जय किशन भी पहुंचे और लोगों को समझाने के साथ जल्द मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, लेकिन बात नहीं बनी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सर्किल इंस्पेक्टर मो शुजाउद्दीन, थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार जाम स्थल पर पहुंचे व बीडीओ के सहयोग से उचित मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया, जिसके बाद करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त कराया जा सका. इस दौरान एनएच 107 पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही और राहगीरों को काफी परेशानी हुई.

सांसद प्रतिनिधि व युवा क्रांति के संरक्षक आपस में भिड़े

सड़क जाम की सूचना पर युवा क्रांति के संरक्षक खगेश कुमार मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे थे. इसी बीच सांसद प्रतिनिधि रितेश रंजन भी अपने समर्थकों के साथ जाम स्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की. इस दौरान किसी बात को लेकर खगेश कुमार और रितेश रंजन के बीच कहासुनी हो गयी. देखते ही देखते खगेश और रितेश रंजन के समर्थक आपस में उलझ पड़े. हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया और मामला शांत करा दिया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar shriwastaw

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >