मामा के शादी में आये भांजे की सड़क हादसे में हुई मौत, भाई जख्मी

मामा के शादी में आये भांजे की सड़क हादसे में हुई मौत,

जिस घर में मामा की शादी की थी खुशियां, महज दो दिन बाद पसर गया मातम सिमरी बख्तियारपुर . बलवाहाट थाना क्षेत्र के सकड़ा पहाड़पुर पंचायत के वार्ड संख्या 10 में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गयी. किशोर अपने मामा की शादी में शामिल होने आया था. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. वहीं पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. मृतक की पहचान जिले के धकजरी वार्ड संख्या 12 निवासी बद्री शर्मा के 13 वर्षीय पुत्र दर्शन कुमार के रूप में हुई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार दर्शन अपने भाई एवं अन्य स्वजनों के साथ शुक्रवार को मामा की शादी में सकड़ा पहाड़पुर आया था. जहां शादी समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ था एवं घर में खुशी का माहौल था. रविवार की सुबह दर्शन अपने बड़े भाई नीरज कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर कोसी तटबंध की ओर घूमने गया था. घूमकर वापस लौटने के दौरान घर से करीब एक किलोमीटर पहले केनाल पुल के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दर्शन की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि बाइक पर पीछे बैठे भाई नीरज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. आनन – फानन में घायल नीरज को इलाज के लिए सहरसा के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया. जहां उसका इलाज जारी है. इधर हादसे की सूचना मिलते ही बलवाहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची एवं आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करते शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है. मृतक की मां रूणा देवी, नाना लक्ष्मी शर्मा सहित अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घर में चीख-पुकार मची हुई है. गांव के लोग भी इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं एवं पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में लगे हैं. खुशियों के घर में छाया मातम शुक्रवार को जिस घर में मामा की शादी की खुशियां मनाई जा रही थी. वहीं महज दो दिन बाद मातम पसर गया. परिवार के लोग अभी शादी की खुशियों से उबर भी नहीं पाये थे कि इस हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया. दर्शन पांच भाई-बहनों में दूसरे स्थान पर था. उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव में भी शोक की लहर है. हर कोई इस घटना को लेकर मर्माहत है एवं यही कह रहा है कि काश यह हादसा नहीं हुआ होता.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >