कार्रवाई. बख्तियारपुर पुलिस को सफलता
बख्तियारपुर थाना पुलिस ने लूटी गयी दो बाइक को बरामद करने में सफलता प्राप्त की है. इस दौरान दो बाइक लुटेरों को भी गिरफ्तार कर लिया गया.
सिमरी : बख्तियारपुर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से दो अलग-अलग बाइक लूटकांड में दो लुटेरा व दो लूटी गयी बाइक बरामद करने में सफलता प्राप्त की है. पहली घटना बलवा ओपी क्षेत्र की है. जिसके संबंध में बलवाहाट ओपीध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि बीते पांच मई को ओपी क्षेत्र के मंझवा गांव से अज्ञात बदमाशों द्वारा हथियार के बल मंझवा निवासी वरूण शर्मा से मोटरसाइकिल व मोबाइल लूट को अंजाम दिया गया था. पुलिस ने इस घटना को अंजाम देने वाले एक बदमाश चंदन साह को गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना क्षेत्र के कहरा से गिरफ्तार किया गया.
गिरफ्तार किये गये चंदन साह से लूट की मोबाइल भी बरामद किया गया. उसने लूट की घटना को अंजाम दिये जाने का अपराध स्वीकार करते हुए अन्य साथियों के भी नामों का खुलासा किया. वहीं उसने बताया कि पांच हजार रुपये में उसने लूटी बाइक दरभंगा जिले के कुशेश्वर स्थान थाना क्षेत्र के बहुरवा निवासी राजबली यादव के हाथ बेच दी थी. उसकी निशानदेही पर शुक्रवार शाम कुशेश्वरस्थान के बहुरवा गांव निवासी नागेंद्र यादव के यहां छापेमारी की गयी. जहां से लूटी गयी बाइक बरामद की गयी. वहीं बाइक के साथ खरीद करने वाले राजबली यादव को भी हिरासत में ले लिया गया.
वहीं दूसरी घटना बख्तियारपुर थाना के भटौनी पुल लूट मामले की है. जिसमें बख्तियारपुर थाना के दरोगा अनिल कुमार ने लूटी बाइक को शुक्रवार की शाम लावारिस हालत में बाबा रघुनी हाल्ट सड़क के किनारे से बरामद कर लिया. वहीं दरोगा अनिल कुमार ने बताया कि गुरुवार को पकड़े गये सहरसा के कोरलाही से गिरफ्तार बदमाश संजीत कुमार शर्मा की निशानदेही पर निरंतर छापेमारी की जा रही थी. वहीं पुलिस दबिश के कारण बदमाशों ने लूटी गयी बाइक बाबा रघुनी हाल्ट के समीप छोड़ नौ दो ग्यारह हो गये. ग्रामीणों की सूचना पर बाइक बरामद की गयी. चेचिस नंबर की जांच पड़ताल से लूट की मोटरसाइकिल की पुष्टि हुई है.
