दबंग बंदियों व जेल प्रशासन पर प्रताड़ना का आरोप
सहरसा : मंडल कारा में विभिन्न मामलों में बंद सात बंदियों द्वारा दबंग बंदियों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगा अनशन पर जाने का मामला प्रकाश में आया है. अनशन पर गये कैदी रोहित झा, सुमन वर्मा, प्रभाष कुमार राज, मो अखलाक शमीम, मो कौशर, कौशल कुमार राज, प्रभाकर यादव ने काराधीक्षक को जिला पदाधिकारी के नाम आवेदन देकर कहा कि जेल प्रशासन मानवाधिकार का खुलेआम उल्लंघन कर आम कैदियों को मानसिक व आर्थिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं. दबंग कैदियों द्वारा जेल के अंदर अवैध कारोबार किया जा रहा है. जिसके विरोध में पूर्व में भी तीन बंदियों ने चौदह दिन तक अनशन किया था. वरीय पदाधिकारी द्वारा आश्वासन दिया गया था,
लेकिन आश्वासन को पूरा नहीं किया गया. अनशनकारियों ने कहा कि जो बंदी खर्चा के तौर पर राशि जमा नहीं करते हैं. उन्हें दबंग बंदियों द्वारा जेल प्रशासन के सहयोग से तंग किया जाता है. बीते महीने से वार्ड नंबर 13 में रह रहे आम बंदियों को बार-बार कुछ न कुछ बहाना बनाकर व कारा नियम का उल्लंघन करने की बात बता कर प्रताड़ित किया जा रहा है. जबकि दबंग बंदियों को सभी अवैध चीजें मोटी रकम लेकर उपलब्ध करवायी जा रही है और आम बंदी जब अपने अधिकारों की मांग करते हैं तो प्रताड़ित किया जाता है.
इस बाबत जेल अधीक्षक सुरेंद्र गुप्ता ने कहा कि अनशन जैसी कोई बात नहीं है. दबंग कैदियों द्वारा प्रताड़ित किये जाने का आवेदन कुछ बंदियों ने दिया है. मामले की जांच कर विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी.
गालियां दी, फिर ले जाने लगा मकई खेत की अोर
