पहला दौरा. नवपदस्थापित डीआरएम ने किया स्टेशन का निरीक्षण, कहा
समस्तीपुर रेल मंडल के नवपदस्थापित डीआरएम आरके जैन ने गुरुवार को सहरसा स्टेशन का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश दिये. वहीं राज्यरानी के बेपटरी होने के बाद जांच कमेटी की रिपोर्ट की भी जानकारी दी.
सहरसा : समस्तीपुर रेल मंडल के नवपदस्थापित डीआरएम आरके जैन ने गुरुवार को सहरसा स्टेशन का निरीक्षण किया. जानकी एक्सप्रेस में लगे विशेष सैलून से पहुंचे डीआरएम श्री जैन ने मानसी-सहरसा रेलखंड का निरीक्षण खिड़की से किया. सहरसा जंकशन उतरने के बाद उन्होंने टिकट घर, पार्किंग,
प्लेटफार्म नंबर एक व दो का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया. इससे पूर्व स्टेशन अधीक्षक नवीन चंद्र यादव के नेतृत्व में स्थानीय अधिकारियों व कर्मियों ने माला पहनाकर व बुके देकर स्वागत किया. डीआरएम के साथ सीनियर डीसीएम वीरेंद्र कुमार, आरपीएफ कमांडेंट वीपी पंडित सहित अन्य अधिकारी शामिल थे.
पार्किंग को करें साइड
टिकट घर के बगल में पार्किंग व उसके बाद लंबी चौड़ी खाली जमीन रेलवे की होने की बात जानने के बाद डीआरएम ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को पार्किंग को साइड करने व खाली जमीन को अविलंब बाउंड्री कर घेराबंदी करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि घेराबंदी के बाद स्टेशन का सौंदर्यीकरण जयनगर जंकशन की तरह होगा. उन्होंने कहा कि कुछ समय बाद सहरसा स्टेशन समस्तीपुर रेलमंडल का बहुत ही बड़े स्टेशन में शुमार होगा. मानसी के बाद फारबिसगंज व पूर्णिया की तरफ से ट्रेन की आवाजाही होगी. वहीं कुछ नयी ट्रेन भी चलने की उम्मीद है.
अवैध पोस्टर पर कार्रवाई का निर्देश : निरीक्षण के दौरान टिकट घर के काउंटर पर अलग अलग बोर्ड नहीं लगे रहने को डीआरएम ने गंभीरता से लेते डीसीआइ रमण झा को अविलंब सभी काउंटर पर आरक्षण व सामान्य टिकट काउंटर का बोर्ड लगाने का निर्देश दिया. डीआरएम ने कहा कि काउंटर पर बोर्ड नहीं रहने से लोगों को आरक्षण काउंटर व सामान्य काउंटर समझने में परेशानी होती होगी. वहीं दीवार पर अवैध रूप से चस्पे पोस्टर पर कार्रवाई का निर्देश दिया.
अभी नहीं है कोई उम्मीद
सहरसा-थरबिटिया अमान परिवर्तन कार्य के तहत मार्च तक गढ़बरूआरी तक ट्रेन चलाये जाने की बात कही गयी थी. इस बाबत उन्होंने कहा कि यह पूर्ण रूप से निर्माण विभाग से जुड़ा मामला है. बावजूद हमलोग दबाव बनाये हुए हैं. लेकिन अभी ट्रेन चलने में समय लगेगा. कुछ दूर तक ट्रेन चलाने से भी कोई फायदा नहीं है. कम से कम 15 से 20 किलोमीटर कार्य पूर्ण होने के बाद ही यह संभव होगा. मालूम हो कि पिछले वर्ष 25 दिसंबर को विभाग द्वारा इस रेलखंड पर अमान परिवर्तन के लिए मेगा ब्लॉक लिए जाने के 95 दिन बाद ब्लास्ट लेकर पहुंची रेल इंजन की सीटी सुनाई दी थी. रेलवे के निर्देश पर जानकीनगर के संवेदक रवींद्र सिंह द्वारा तीन प्लेटफार्म का निर्माण कार्य किया जा रहा है.
बढ़ेगी यात्री सुविधा में होगी बढ़ोतरी
डीआरएम ने बताया कि अमान परिवर्तन कार्य के बाद यात्री सुविधा में काफी बढ़ोतरी होगी. नये प्लेटफार्म बनने के बाद अंदर का सौंदर्यीकरण किया जायेगा. जिसके लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा. वहीं स्टेशन परिसर व ट्रेन की साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जायेगा. मौके पर स्टेशन अधीक्षक नवीन चंद्र यादव, डीसीआइ रमण झा, आरपीएफ इंस्पेक्टर अर्जुन प्रसाद यादव सहित अन्य मौजूद थे.
