इंडसइंड बैंक के जख्मी कर्मी की मौत

वारदात. मारूफगंज में बीस लाख लूटने में असफल अपराधी ने बैंककर्मी को मारी थी गोली सहरसा में अपराधी बेलगाम होते जा रहे हैं. पिछले गुरुवार को बाइक सवार अपराधियों ने दिनदहाड़े इंडसबैंक कर्मी को गोली मार दी थी. इलाज के लिए पटना रेफर कर्मी की वहां मौत हो गयी. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए टीम […]

वारदात. मारूफगंज में बीस लाख लूटने में असफल अपराधी ने बैंककर्मी को मारी थी गोली

सहरसा में अपराधी बेलगाम होते जा रहे हैं. पिछले गुरुवार को बाइक सवार अपराधियों ने दिनदहाड़े इंडसबैंक कर्मी को गोली मार दी थी. इलाज के लिए पटना रेफर कर्मी की वहां मौत हो गयी. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गयी. एक आरोपित को गिरफ्तार भी किया गया है.
सहरसा : शहर के मारूफगंज स्थित एक्सिस बैंक के समीप बीते गुरुवार को लूट की घटना को अंजाम देते समय अपराधियों की गोली से जख्मी जिले के इंडसइंड बैंक के कर्मी व मधेपुरा जिला के घैलाढ़ निवासी नीरज कुमार सिंह की मौत इलाज के दौरान पटना में हो गयी. जानकारी के अनुसार, परिजन पहले शव को सहरसा में ही पोस्मार्टम कराने की बात कही थी, लेकिन बाद में पटना में ही पोस्मार्टम करा दिया गया. सूचना मिलते ही किसी भी स्थिति से निबटने के लिये सदर थाना में पुलिस बलों को बुलाया गया था. सदर एसडीपीओ सुबोध विश्वास ने बताया कि मौत की सूचना मिली है.
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम छापेमारी कर रही है. जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा. उन्होंने बताया कि घटना में शामिल मुरादपुर निवासी अभिषेक ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. टीम में सदर थानाध्यक्ष भाई भरत, नवहट्टा थानाध्यक्ष द्रवेश कुमार, बिहरा थानाध्यक्ष सरवर आलम, सौनवर्षा कचहरी शिविर प्रभारी पंचलाल यादव, सदर थाना के पुअनि नीतेश कुमार शामिल हैं.
चुप नहीं बैठेगा फ्रेंडस ऑफ आनंद : सहरसा. बैंक कर्मी नीरज सिंह की मौत के बाद छात्र हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष चेतन आनंद ने दुख व्यक्त करते कहा कि लगातार अपराध में वृद्धि हो रही है. फ्रेंडस ऑफ आनंद चुप नहीं बैठेगा. शुक्रवार को बैठक आयोजित कर आगे की रणनीति पर विचार विमर्श किया जायेगा. उन्होंने पुलिस प्रशासन से अविलंब अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग की है.
चलायी थी तीन चक्र गोलियां
नीरज अपने सहयोगी मनोज कुमार शर्मा के साथ पैसे जमा करने जा रहा था. इतने में रास्ते से ही बाइक सवार अपराधी उसके पीछे लग गये. मौका देखते ही उन्होंने बैंककर्मी से पैसे लूटने की कोशिश की और नाकाम रहे तो ताबड़तोड़ गोलियां दाग दी. पैसे लूटने में नाकाम रहे अपराधियों ने बैंककर्मी पर तीन चक्र गोलियां चलायी थी. जिसके बाद नीरज जख्मी होकर गिर पड़े थे. गोली चलाने के बाद अपराधी भाग खड़े हुए थे. जख्मी हालत में बैंककर्मी को सदर अस्पताल में भरती कराया गया था.
जहां उसकी हालत खराब रहने पर रेफर कर दिया गया था. परिजनों ने उसे गांधी पथ स्थित सूर्या हॉस्पिटल में भरती कराया था, जहां से जख्मी की हालत गंभीर देख उसे रेफर कर दिया गया था.
जख्मी बैंककर्मी ने पुलिस को बताया था कि वह बीस लाख रुपये एक्सिस बैंक में जमा करने जा रहा था. बैंक के समीप ही बदमाशों ने घेरकर लूट की कोशिश की. विफल रहने पर गोली चला हत्या की कोशिश की गयी. बैंक की सीसीटीवी में कैद वारदात के अनुसार काले रंग की पल्सर पर सवार अपराधियों के पास एक पिस्टल, एक देशी कट्टा था. पुलिस ने मौके से दो खोखा भी बरामद किया था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >