सहरसा : बिहार गृहरक्षा वाहिनी स्वयंसेवक संघ के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर गुरुवार को अपनी मांगों के समर्थन में जिले के सभी गृहरक्षक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गये.
जिले के सभी सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों में तैनात गृह रक्षक अपनी मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर सर्वोच्च न्यायालय व उच्च न्यायालय के फैसले को लागू कराने व सरकार पर दबाव बनाने के लिए अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत गुरुवार को हड़ताल पर चले गये. इससे पहले होम गार्ड जिला कार्यालय से अपने-अपने शस्त्र के साथ सड़क पर जुलूस निकाल सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया. जिला कार्यालय से कचहरी चौक होते हुए समाहरणालय पहुंचने के बाद अपनी मांगों को लेकर गृहरक्षकों के द्वारा जमकर नारेबाजी हुई. वहां से सभी गृहरक्षक पुलिस लाइन शस्त्रागार में अपना-अपना शस्त्र और गोली जमा कराने पहुंचे. इसके बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गये. शस्त्रागार में साढ़े सात हजार शस्त्र और तीन सौ राइफल व साढ़े सात हजार गोली जमा करने की बात कही गयी है. संघ के जिला अध्यक्ष जागेशवर प्रसाद यादव ने कहा कि तब तक यह हड़ताल जारी रहेगी, जब तक उन लोगों की मांगों को राज्य सरकार मान नहीं लेती है. उन्होंने कहा कि हड़ताल अवधि के दौरान सभी गृहरक्षक जिला पदाधिकारी के समक्ष धरना प्रदर्शन को जारी रखने का काम करेंगे.
मालूम हो कि सर्वोच्च न्यायालय व उच्च न्यायालय के फैसले के अनुसार सभी गृहरक्षकों को भी पुलिस की तरह समान काम के लिए समान वेतन देने की मांग के साथ-साथ उनको सरकार की ओर से दी जा रही सभी सुविधाओं की मांग गृहरक्षकों की ओर से कई सालों से की जा रही है.
इन्हीं मांगों को लेकर गृहरक्षकों का अनवरत चरणबद्ध आंदोलन सरकार पर दबाव बनाने के लिए लगातार जारी है. मालूम हो कि गृहरक्षकों के हड़ताल पर चले जाने से सुरक्षा व्यवस्था में प्रशासन को काफी परेशानी उठानी पड़ सकती है. क्योंकि बैंक से लेकर सरकारी गैर सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था इन्हीं गृहरक्षक जवान के हवाले है. इसलिए सुरक्षा व्यवस्था की परेशानी से इंकार भी नहीं किया जा सकता है. इस मौके पर संघ के सचिव शिव प्रसाद यादव, निर्मला देवी, फतेह बहादुर सिंह, मनोज यादव, लक्ष्मण शर्मा, रामोतार यादव सहित सैकड़ों गृहरक्षक जवान शामिल थे.
