पूर्व राजद युवा जिलाध्यक्ष के पुत्र पर लगाया आरोप
सहरसा : राजद युवा जिलाध्यक्ष श्याम सुंदर दास तांती की हत्या के प्रतिशोध में उसके पुत्र विकास कुमार व अन्य ने पिता के हत्या की आरोपी चचेरी दादी सोमनी देवी को मंगलवार की देर शाम गोली मार दी. जख्मी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. सदर अस्पताल में चिकित्सक डॉ एसके आजाद, डॉ एनके सादा सहित अन्य ने जख्मी का इलाज किया. एक्सरे में गोली के पैशाब की थैली में फंसने की जानकारी मिलने के बाद बेहतर इलाज के लिये रेफर कर दिया गया.
जिसके बाद परिजन उसे गांधी पथ स्थित सूर्या हॉस्पीटल ले गये. जख्मी ने श्याम सुंदर दास तांती के पुत्र विकास कुमार व साजन कुमार पर आरोप लगाया है. पुत्र संतराज ने बताया कि मां दरवाजे पर बैठी थी कि अचानक सभी दरवाजे पर पहुंचे व दो गोली मार दी. गोली पेट में लगी है.
मालूम हो कि राजद युवा जिलाध्यक्ष की पिछले साल अप्रैल में गोली मार हत्या कर दी गयी थी. पुलिस अनुसंधान के दौरान मृतक की चाची सोमनी देवी, चचेरे भाई संतराज सहित अन्य को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था. कुछ दिन पूर्व सोमनी देवी सहित अन्य जमानत पर जेल से निकले थे. इस बाबत सदर थानाध्यक्ष भाई भरत ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है. अनुसंधान शुरू कर दिया गया है.
