सोनवर्षाराज. प्रखंड क्षेत्र समेत नगर पंचायत क्षेत्र में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है. पिछले 17 दिनों के दौरान 94 लोगों को आवारा कुत्तों ने काटकर घायल कर दिया है. कुत्ते के काटने की लगातार बढ़ती घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है. घायल लोग इलाज के लिए सीएचसी पहुंच रहे हैं. जहां उन्हें एंटी रैबीज का टीका दिया जा रहा है. स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि अधिकांश मामलों में आवारा कुत्तों द्वारा अचानक हमला कर घायल होने की बात सामने आ रही है.
सीएचसी से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक मामले नगर पंचायत सोनवर्षाराज क्षेत्र से सामने आये हैं. जहां बीते 17 दिनों में 17 लोग कुत्ते के काटने के शिकार हुए है. वहीं विराटपुर पंचायत में 11 तथा काशनगर व बड़गांव पंचायत में 9-9 लोगों को कुत्तों ने काटा है. शाहपुर, खजुराहा व देहद पंचायत में 5-5, जबकि बरेठ व मंगवार पंचायत में 4-4 लोग कुत्तों के काटने से घायल हुए है. इसके अलावा अतलखा, रघुनाथपुर, कोपा व पड़रिया पंचायत में 3-3, लगमा व मोकमा में 2-2 तथा सहसोल, सरोनी मधेपुरा, बड़सम व महुआ उत्तरबाड़ी पंचायत में 1-1 व्यक्ति कुत्ते के काटने से घायल हुए है. वहीं सीमावर्ती प्रखंड क्षेत्र के माली पंचायत में 2 तथा मुरली, हथमंडल व केजरी गांव में 1-1 मामला सामने आया है.17 दिनों में 94 लोगों को आवारा कुत्तों ने काटा
प्रखंड क्षेत्र समेत नगर पंचायत क्षेत्र में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है.
