दुस्साहस. नहीं रुक रही सहरसा में चोरी की घटनाएं, स्थानीय लोगों में आक्रोश
सहरसा में चोरी की घटना रुक नहीं रही है. रविवार रात एक रिटायर्ड दारोगा के घर चोरी हो गयी. पड़ोस में रह रहे भाई के घर की कुंडी बाहर से लगा कर चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात सहित नकद चुरा ले गये. चोरों ने कपड़े भी नहीं छोड़े.
पतरघट : ओपी क्षेत्र के जम्हरा पंचायत अंतर्गत भद्दी बस्ती में रविवार की रात एक सेवानिवृत्त दरोगा के घर में अज्ञात चोरों ने 50 लाख से अधिक की संपत्ति की चोरी कर ली. पीड़ित गृहस्वामी मनोज सिंह ने बताया कि वे सपरिवार सहरसा मे रहते हैं. घटना की रात उनका घर सूना था. अंदर बाहर से ताला लगा हुआ था. उन्हीं के घर के बगल मे उनके छोटा भाई शिक्षक विनोद सिंह अपने घर मे सो रहे थे. चोरों ने घटना को अंजाम देने से पहले उनके घर की कुंडी बाहर से लगा दी थी. पीड़ित के घर में घुसने से पहले मेन गेट पर लगे ताला एवं ग्रिल को ग्रिल कटर से काट कर घर के अंदर घुसा.
उसके बाद बारी-बारी से तीनों बंद कमरा के ताला को तोड़कर घर मे घुस कर गोदरेज व ट्रंक को तोड़ कर उसमें रखे सामानों की चोरी कर ली. उन्होंने बताया की हमारा भाई जब सबेरे मे जगा ओर मेन गेट खोलना चाहा तो देखा कि गेट बाहर से बंद था. तब उसने अपने पड़ोसी को आवाज देकर अपना गेट खुलवाया उनके बाहर निकलने पर देखा कि उनके घर का मेन गेट खुला है. तभी उन्होंने इसकी सूचना मोबाइल पर दी.
खोजी कुत्ते की मदद से छानबीन जारी: सूचना पाते ही दोनों पति पत्नी जब घर पहुंचे तो देखे कि उनके घर का तीनों कमरा एवं ट्रंक सहित गोदरेज टूटा हुआ था ओर सारा समान बिखरा पड़ा था. चोरों ने उनका सारा नया पुराना जेवरात, नकदी कपड़ा सहित कुछ कागजात व अन्य संपत्ति की चोरी कर ली गयी है. उन्होंने घर में चोरी की गयी घटना की सूचना पतरघट पुलिस को दी. जहां सूचना पाते ही सहायक अवर निरीक्षक हरिशंकर चोधरी व विजय राम दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर जायजा लिया व पीड़ित परिजनों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की.
सेवानिवृत्त दारोगा ने चोरी गये सामान की जानकारी देते हुए बताया कि उनके कमरे से 25 भर सोने व 500 ग्राम से ऊपर का चांदी का गहना तथा पुत्र वधू के कमरे से 15 भर सोने का गहना सहित 40 हजार नकदी व घर मे रखे सभी कीमती कपड़े की चोरी हो गयी. पीड़ित ने 50 लाख से उपर की संपत्ति चोरी किये जाने की बात बतायी है. भीषण चोरी की घटना से पीड़ित दरोगा की पत्नी इंदिरा देवी बार-बार बेहोश हो जा रही है. पीड़ित के घर पर स्थानीय ग्रामीणों के हुजूम ने बताया कि इलाके में चोरी की घटना लगातार बढ़ती जा रही है. लेकिन पुलिस द्वारा एक भी घटना का आज तक उद्भेदन नहीं किया जा सका है.
इस कारण चोरों का मनोबल बढ़ता जा रहा है और उनमें पुलिसिया भय समाप्त होता जा रहा है. रिटायर्ड दारोगा के घर चोरी की घटना की सूचना पाते ही ओपी अध्यक्ष कमलेश कुमार खोजी श्वान दस्ता रुचि एवं सिपाही सिंटु कुमार व नकुल कुमार के साथ भद्दी बस्ती पहुंच कर जांच की. खबर लिखे जाने तक खोजबीन जारी था. इस बाबत ओपी अध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया की रिटायर्ड दारोगा के घर हुई चोरी की घटना का उदभेदन करना पुलिस की चुनौती है. उन्होंने कहा कि जल्द ही घटना में संलिप्त दोषियों को पकड़ लिया जायेगा.
सहरसा में परिवार के साथ रहते हैं पीड़ित दारोगा
हाल में हुई चोरी की घटनाएं
01 फरवरी : गौतम नगर गंगजला निवासी अवकाश प्राप्त बीएसएनएल पदाधिकारी भगवान झा के घर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम देकर लाखों का सामान चुरा लिया. चोरों ने घर से 25 हजार नगद, 50 ग्राम सोना एवं 250 ग्राम चांदी के जेवरात, बैट्री इनवर्टर, 25 पीस नई साड़ी, दो शॉल, चार पीस स्वेटर, दस जोड़ा शर्ट पैंट का कपड़ा, मिक्सचर ग्राइंडर, कलाई घड़ी सहित अन्य सामानों की चोरी कर ली.
31 जनवरी : सदर थाना क्षेत्र के सदर अस्पताल से आरण निवासी संदीप कुमार की बाइक (बीआर 43 सी 5811) चोरी हो गयी.
25 जनवरी : चोरों ने पूर्व सांसद सूर्य नारायण यादव के डुमरैल स्थित आवास से बीते रात लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया. पूर्व सांसद के मैनेजर संत कुमार ने बताया कि चोरों द्वारा घर से टीवी, इनवर्टर, जेवरात, राइफल की लगभग 150 गोली चोरी कर ली. वहीं सदर थाना क्षेत्र के गंगजला निवासी मो मकसूद आलम की होंडा शाइन बाइक पासवान टोला से चोरी हो गयी.
22 जनवरी : अनुमंडल कार्यालय परिसर से प्रोफेसर कॉलोनी निवासी जितेंद्र प्रसाद सिंह की हीरो होंडा स्पेलेंडर प्रो (बीआर 19 इ 3786) चोरी हो गयी. वहीं कचहरी चौक चोरों ने मोबाइल दुकान व दो पान दुकान में भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया है. चोरों ने मो असफिल की मोबाइल दुकान से छह पीस चाइना मोबाइल सेट, मेमोरी कार्ड 16 जीबी का आठ पीस, आठ जीबी का 6 पीस, तीस बैट्री, 80 पीस इयर फोन, एक दर्जन चाइना लाइट, दो हजार नगद की चोरी कर ली.
10 जनवरी : शहर के दो जगहों से चोरो ने दो बाइक की चोरी कर ली. मत्स्यगंधा मेंला से चोरो ने पूर्णिया जिले के भवानीपुर निवासी विनोद कुमार की पैशन प्रो बाइक (बीआर 19 जी 4310) की चोरी कर ली. वही निबंधन कार्यालय से चोरो ने बिहरा थाना क्षेत्र के खादीपुर निवासी प्रेम कुमार की स्पेलेंडर प्रो बाइक (बीआर 19 इ 9864) की चोरी कर ली.
03 जनवरी : थाना के दो सौ गज की दूरी पर स्थित सुपर बाजार में चोरों ने दो दुकान कोसी स्पोटर्स एंड पुलिस स्टोर व सहरसा स्टेशनरी में भी चोरों ने दुकान का ताला तोड़ हजारों की सामान की चोरी कर ली.
01 जनवरी : गौतम नगर में चोरो ने नववर्ष के मौके पर जन अधिकार पार्टी के जिला उपाध्यक्ष गणेश यादव के घर लाखों की चोरी कर पुलिस को खुली चुनौती दी थी.
