पंचायतों में शिविर लगा दखल दिलवाने का होगा काम
31 दिसंबर तक इस तरह के मामले के निष्पादन का लक्ष्य निर्धारित
सहरसा : रकार द्वारा भूमिहीन लोगों के बीच वितरित परचे की जमीन पर भूमाफिया व दबंग लोगों के कब्जे से जमीन को मुक्त कर उस पर परचाधारियों को कब्जा दिलाया जायेगा. सरकार द्वारा दी गई परचे की जमीन से बेदखल भूमिहीन को 31 दिसंबर तक जमीन पर दखल दिलाने की लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
कई वर्षों से सरकार से मिली परचे की जमीन पर दबंगों के कब्जे के कारण बेदखल भूमिहीनों की राज्य भर से मिली शिकायत के बाद 2014 में आपरेशन भूमिदखल के नाम से सरकार ने एक अभियान चलाया था. इस अभियान के तहत पूरे राज्य भर के जिले में बेदखल परचाधारियों को जमीन पर कब्जा दखल दिलाने का राज्यव्यापी अभियान चलाया गया था. 2015 तक इस अभियान के तहत लक्ष्य को हासिल करने का डेडलाइन तय किया गया था, लेकिन यह लक्ष्य पूरा नहीं हो पाया था.
इसके बाद सरकार की ओर से पुनः तीस जून तक समय सीमा में बढ़ोतरी कर तीस जून तक सभी बेदखल परचाधारियों को दखल दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया. सरकार ने सभी जिले के अधिकारियों को अब इस लक्ष्य को बढाते हुए 31 दिसंबर तक का अंतिम समय दिया है. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव व्यास जी ने भूमिहीनों के बीच वितरित परचे की जमीन पर सभी बेदखलों को कब्जा दिलाने का निर्देश दिया है. सभी जिले के डीएम को पंचायतों में शिविर आयोजित कर ऐसे बेदखल परचाधारियों को चिन्हित कर उसे जमीन पर दखल दिलाने का आदेश जारी किए गए हैं. बताया गया कि पहले इस लक्ष्य को इसलिए हासिल नहीं किया जा सका क्योंकि विधानसभा चुनाव से लेकर पंचायत चुनाव के कारण प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर कर्मियों की व्यस्तता थी.
सभी जिले के डीएम को पंचायतों में शिविर आयोजित कर ऐसे बेदखल परचाधारियों को चिन्हित कर उसे जमीन पर दखल दिलाने का आदेश जारी किये गये हैं.
