रेवेन्यू नहीं देनेवाले टावर होंगे बंद
हंगामेदार रही नगर पंचायत की बैठक
सिमरी बख्तियारपुर : नगर पंचायत कार्यालय में पार्षदों की बैठक हंगामेदार रही. साथ ही आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी लगातार चलता रहा. नगर अध्यक्ष सीमा कुमारी गुप्ता उपाध्यक्ष रोशन आरा पार्षद सह पूर्व उपाध्यक्ष विकास कुमार विक्की सहित पार्षदों ने एक करोड़ अस्सी लाख की लागत से बन रहे नगर पंचायत प्रशासनिक भवन, पंद्रह लाख की लागत से हो रहे पोखर सौंदयीर्यीकरण में बड़े पैमाने पर धांधली को लेकर ठेकेदार पर कार्रवाई करने की बात कही. पार्षदों ने कहा कि तीन नंबर ईंट एवं ढलाई कार्य मानक के अनुरूप नहीं होने के साथ ही रात के अंधेरे में ढलाई की गयी है.
वहीं पार्षद चंद्रमणि ने वार्ड नंबर नौ में नाला निर्माण नहीं कराये जाने का मामला उठाया, तो कार्यपालक पदाधिकारी रीता कुमारी ने जानकारी नहीं रहने की बात कही. पार्षदों ने कार्यपालक पदाधिकारी पर कई गंभीर आरोप लगाये. वहीं पार्षद रमा देवी ने मुद्दा उठाया कि जनवितरण प्रणाली व ठेला वेंडरों द्वारा तेल किन किन स्थानों पर बांटा जाना है. इसकी जानकारी पार्षदों को होनी चाहिए. वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी हो रही अनियमितता को लेकर जानकारी दी.
बीआरजीएफ में 37 लाख 40 हजार हैं शेष
कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि बीआरजीएफ में 37 लाख 40 हजार रुपया बचा हुआ है. जिस पर पूर्व में चयनित कार्यों को इस राशि से पूरा करना है. निविदा पर रखे कर्मचारियों को मानदेय के लिए फंड नहीं होने की जानकारी दी. साथ ही नगर पंचायत में टावर से रेवेन्यू एक ही बार आया है. रेवेन्यू नहीं देने वाले टावरों को बंद करने की बात कही गयी. वहीं पार्षदों को अपने वार्डों में कराये गये कार्य का बोर्ड लगाने का निर्देश दिया.
कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा जलजमाव से निकासी के लिए जेनेरेटर मजदूर से कार्य कराने की जानकारी दी, जिसका भुगतान साफ-सफाई मद से किया जायेगा. कार्यपालक द्वारा क्षेत्र भ्रमण के लिए गाड़ी खरीदने की बात कहने पर पार्षद दिनेश मालाकार ने कहा कि ट्रैक्टर बाद में खरीदा जायेगा, किसी भी मद से आप अपने लिए गाड़ी खरीद कर लीजिए. पार्षदों ने सर्वसम्मति से पार्षद के लिए आये भत्ते की राशि का भुगतान अविलंब करने की बात कही. जिसका सभी पार्षदों ने समर्थन किया. बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्षा सीमा कुमारी गुप्ता ने किया. बैठक में नगर पंचायत के सभी पार्षद मौजूद थे.
