विशेष अभियान में तीन दिनों के अंदर की गयी बड़ी कार्रवाई
सहरसा. जिला पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण व विधि व्यवस्था बनाये रखने को लेकर चलाये गये विशेष अभियान में तीन दिनों के अंदर बड़ी कार्रवाई की गयी है. पुलिस अधीक्षक हिमांशु के निर्देश पर 17 से 19 अप्रैल तक जिले भर में विशेष अभियान चलाया गया. इस दौरान वारंटियों की गिरफ्तारी, फरार अभियुक्तों की धरपकड़, वाहन जांच, शराब बरामदगी और अन्य मामलों में कार्रवाई की गयी. जिला पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि तीन दिवसीय अभियान के दौरान 78 लोगों को गिरफ्तार किया गया. विभिन्न न्यायालयों द्वारा जारी वारंट के आधार पर गिरफ्तारी की गयी. अभियान के दौरान 473 वारंटों का निष्पादन किया गया. जिसमें 439 गैर जमानती वारंट भी शामिल हैं, इसके अलावा 52 कुर्की और 58 इश्तेहार का भी निष्पादन किया गया. साथ ही 167 सम्मन का भी तामिला कराया गया. पुलिस द्वारा चलाए गए वाहन जांच अभियान के दौरान सख्ती दिखायी गयी.इस दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से 5 लाख 46 हजार 100 रुपये का जुर्माना वसूला गया. पुलिस द्वारा बताया कि लगातार वाहन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा, जिससे सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और अपराधियों की गतिविधियों पर नियंत्रण रखा जा सके. अभियान के दौरान अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की गयी. पुलिस ने तीन दिनों में 15 लीटर देसी शराब बरामद की. वहीं अवैध हथियार से जुड़े मामलों में भी कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया व आठ कारतूस बरामद किया गया. इस दौरान लगातार छापेमारी अभियान चलाकर फरार अपराधियों को पकड़ने का प्रयास किया गया. विशेष अभियान के कारण कई अपराधियों ने दबाव में आकर न्यायालय में आत्मसमर्पण किया है. सहरसा पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण एवं जनसुरक्षा के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा. साथ ही लोगों से अपील की गयी है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके.
