सहरसा : शहरजिले में गिरती विधि व्यवस्था, लूट, हत्या, अपहरण, डकैती, भूमाफिया, दबंगों द्वारा परचा की जमीन को लेकर बरपाये जा रहे कहर के खिलाफ भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी ने प्रतिरोध मार्च निकाला. मंगलवार को निकला यह प्रतिरोध मार्च सुपर मार्केट से डीबी रोड, शंकर चौक, दहलान चौक, गांधी पथ होते हुए समाहरणालय पहुंचा.
प्रदर्शनकारी सरकार विरोधी नारे-सुशासन की सरकार शर्म करो, भूमाफियाओं को जेल में बंद करो, बढ़ते अपराध पर रोक लगाओ आदि नारे लगा रहे थे. प्रदर्शन के बाद समाहरणालय गेट पर ही गणेश प्रसाद सुमन की अध्यक्षता व वरीय नेता रंधीर कुमार के संचालन में सभा की गयी. सभा को संबोधित करते हुए राज्य सचिव मंडल सदस्य विनोद कुमार ने कहा कि महागठबंधन की सरकार जब से बनी है. अपराधियों का मनोबल बढ़ा है.
नयी-नयी घटनाएं घट रही है. परचाधारियों पर जुल्म बरपाये जा रहे हैं. सरकार व जिला प्रशासन मूक बनी हुई है. उन्होंने कहा अगर इन सभी कारगुजारियों पर तत्काल रोक नहीं लगायी गयी तो पार्टी इसे बरदाश्त नहीं करेगी व चरणबद्ध आंदोलन कर सरकार की विफलताओं को उजागर करेगी.
पार्टी के वरीय नेता रंधीर कुमार ने कहा कि अगर जिला प्रशासन परचाधारी को जमीन पर दखल नहीं दिलायेगी तो परचाधारी बीबी बच्चों के साथ परचे की जमीन पर चढ़ते जायेंगे और परिणाम के लिए जिला प्रशासन जवाबदेह होगी. सभा के बाद 13 सूत्री मांग पत्र जिलाधिकारी को सौंप कार्रवाई की मांग की गयी.
सभा को जिला मंत्री हृदयनारायण यादव, राजेन्द्र प्रसाद महतो, सुभाष सिंह सुमन, मो तोहिद आलम, दीपनारायण यादव, शिवानंद विश्वास, कृष्णदयाल यादव, रमाकांत राय, सुरेश साह, मो शमीम, दुखी शर्मा, इंद्रदेव इंदु, रामचंद्र महतो, पवित्र कुमार यादव, रमेश यादव, व्यास प्रसाद यादव, शकील अहमद खां, चंद्रशेखर पासवान, गुरुदेव शर्मा, जवाहर यादव, शंभु मूर्मू, ब्रजेश कुमार, दिलीप ठाकुर, जनार्दन यादव आदि ने भी संबोधित किया. फोटो- प्रदर्शन 10 – समाहरणालय के मुख्य द्वार के सामने प्रदर्शन करते सीपीआइएम के कार्यकर्ता
