सहरसा : शनिवार रात सहरसा जंकशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर ट्रेन को रिलीज करते वक्त कैरेज एंड वैगन के ग्रेड थ्री के टेक्नीशियन अमित कुमार को जीआरपी पुलिस ने बुरी तरह पीट दिया. उसका दाहिना हाथ डंडा लगने की वजह से टूट गया. रेल चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार कर बेहतर उपचार के लिए समस्तीपुर रेल चिकित्सालय रेफर कर दिया गया.
इधर, रविवार की सुबह जैसे ही रेल के अन्य कर्मियों को घटना की जानकारी मिली, उन्होंने कार्य का बहिष्कार करते हुए जीआरपी थाना का घेराव कर विरोध प्रदर्शन व नारेबाजी करने लगे. इस कारण लगभग चार घंटे तक ट्रेन सेवा बाधित रही. जानकारी के अनुसार रेल कर्मी अमित कुमार राघोपुर-सहरसा अप सवारी गाड़ी के सहरसा प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर पहुंचने के बाद ब्रेक रिलीज करने का कार्य कर रहा था.
उसी समय इंजन के पीछे लगे एसएलआर बोगी में बैठे जीआरपी के जवान आवाज होने पर बाहर निकले और रेल कर्मी से बातों ही बातों में उलझ गये. बात बढ़ती चली गयी और जवानों ने अपना पुलिसिया रूप झाड़ते हुए रेल कर्मी को बुरी तरीके से पीट डाला. तत्काल तो कर्मी को इलाज के लिए भेज बीच बचाव कर मामला शांत कर दिया गया.
* स्थानीय विधायक ने कराया शांत
रविवार सुबह होते ही जीआरपी द्वारा रेल कर्मी को पीटे जाने के विरोध में रेल कर्मियों ने एकत्रित होकर इस घटना का विरोध करते हुए जीआरपी थाना का घेराव कर दिया. साथ ही ट्रेन सेवा को घंटों बाधित रख कर दोषी पुलिस कर्मियों के निलंबन और डीआरएम के बुलाये जाने की मांग करने लगे. आक्रोशित रेल कर्मियों ने सहरसा-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर दो पर घंटो बाधित किये रखा. रेल कर्मी ट्रेन के इंजन पर चढ़
कर व पटरियों के बीच खड़े हो गये. इस कारण ट्रेन में पावर को नहीं लगाया जा सका. रेल कर्मियों के बढ़ते विरोध व प्रदर्शन को देखते हुए घटना की सूचना समस्तीपुर रेल मंडल के वरीय अधिकारियों को दी गयी. उन्होंने जीआरपी के वरीय अधिकारियों से वार्ता किया जिसके बाद रेल एसपी ने दोषी पुलिस कर्मी हवलदार विजय कुमार, सिपाही भोला कुमार रंजन, शिवदत्त यादव को निलंबित कर दिया.
बावजूद इसके कर्मियों का आक्रोश खत्म नहीं हुआ और वे डीआरएम को बुलाने की मांग पर अड़े रहे. घटना की सूचना मिलने पर तत्काल स्थानीय विधायक डॉ आलोक रंजन भी पहुंचे. उन्होंने कर्मियों को समझा कर शांत कराया. इसके बाद रेल कर्मियों का विरोध प्रदर्शन खत्म हुआ और रेल परिचालन सेवा शुरू हो पायी.
* चार घंटे बाधित रही ट्रेन सेवा
* आरोपी तीनों पुलिस कर्मी निलंबित
* कैरेज एंड बेगेन के ग्रेड थ्री के टेक्नीशियन को पीटने के विरोध में रेल कर्मियों ने किया प्रदर्शन
