* 30 अप्रैल से ही गायब था युवक
सहरसा : पटुआहा स्थित मेडिकल कॉलेज के नाइट गार्ड मधेपुरा जिले के परमानंदपुर रहटा गांव निवासी राधेश्याम के 19 वर्षीय पुत्र रूपेश यादव की मौत संदेहास्पद अवस्था में हो गयी. रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराने सदर अस्पताल आये मृतक के पिता ने बताया कि मृतक टीपी कॉलेज मधेपुरा के इंटरमीडिएट का छात्र था.
परिवार की दयनीय स्थिति के कारण मेडिकल कॉलेज में नाइट गार्ड का नौकरी कर परिवार के भरण पोषण में सहयोग करता था. उन्होंने बताया कि शनिवार को पतरघट प्रखंड के खपौती धार में शव मिला. जेब में परिचय पत्र देखने के बाद स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दी गयी, जबकि विगत 30 अप्रैल से ही गायब है.
उन्होंने कहा कि गायब होने की सूचना कॉलेज प्रशासन द्वारा दी गयी थी. वही मृतक के पास मोबाइल भी था. जिसमें दो सीम लगा था. जिसका नंबर 9122805466 व 8298108711 था. अपराधियों ने दोनों सिम निकाल मोबाइल छोड़ दिया. उन्होंने कहा कि दो पुत्र में बड़ा होने के कारण पारिवारिक जिम्मेवारी भी बखूबी निभा रहा था.
अचानक मौत हो जाने से परिवार पर पहाड़ टूट पड़ा है. इधर शव का पोस्टमार्टम कराने आये सौर बाजार थाना के चौकीदार सहित मृतक के परिजनों को चिकित्सक द्वारा भागलपुर जाकर पोस्टमार्टम कराने की बात कही गयी. समाचार लिखे जाने तक शव अस्पताल परिसर में रखा हुआ था.
