महिषी . क्षेत्र के सिरवार वीरवार पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या सात स्थित गेमरहो गांव निवासी मोहम्मद नवाज के 12 वर्षीय पुत्र की कोसी नदी में डूबने से मौत हो गयी. बताया जाता है कि बालक नदी किनारे शौच के लिए गया था. इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया. साथी बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और बालक की तलाश शुरू की. ग्रामीणों ने बताया कि घटना की सूचना देने के बावजूद अंचलाधिकारी और राजस्व अधिकारी से मोबाइल पर संपर्क नहीं हो सका तथा एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर नहीं पहुंची. स्थानीय लोगों ने घंटों मशक्कत के बाद बालक के शव को नदी से बाहर निकाला. सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष प्रभाकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बालक के असामयिक निधन पर मुखिया मोना देवी, मुखिया प्रतिनिधि नीतीश कुमार, पंचायत समिति सदस्य गुंजन देवी, राजीव कुमार, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि सुभाष कुमार, समाजसेवी मो जैनुद्दीन, महिबुल्ला, गफ्फार सहित अन्य लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त की. साथ ही प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी मुआवजा देने की मांग की है.
कोसी नदी में डूबने से 12 वर्षीय बालक की मौत, गांव में मातम
कोसी नदी में डूबने से 12 वर्षीय बालक की मौत, गांव में मातम
