संदिग्ध परिस्थिति में 11 वर्षीय बच्ची की मौत, गांव में मातम

प्रखंड अंतर्गत बसनही थाना क्षेत्र के सहसोल पंचायत स्थित विश्वनाथटोला गांव से एक दर्दनाक घटना सामने आयी है. यहां 11 वर्षीय एक बच्ची की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी.

मां के बाजार जाने से पहले मांगे थे कपड़े और समोसे, लौटने पर फंदे से लटकी मिली बच्ची

सोनवर्षाराज. प्रखंड अंतर्गत बसनही थाना क्षेत्र के सहसोल पंचायत स्थित विश्वनाथटोला गांव से एक दर्दनाक घटना सामने आयी है. यहां 11 वर्षीय एक बच्ची की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी. घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है. मृत बच्ची की पहचान सिमरी बख्तियारपुर के असरफचक वार्ड सात निवासी सदानंद सादा की पुत्री शबनम कुमारी के रूप में हुई है. बताया जाता है कि शबनम अपनी मां पिंकी देवी तथा छोटे भाई-बहनों के साथ नानी के घर रह रही थी. उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं.

परिजनों के अनुसार, घटना से पहले जब उसकी मां बाजार जाने लगी तो शबनम ने उससे कपड़े और समोसे लाने की बात कही थी. किसी को यह अंदाजा नहीं था कि इसके कुछ ही देर बाद ऐसी दुखद घटना घट जायेगी. बताया जा रहा है कि जब मां बाजार से वापस लौटी तो उसने शबनम को घर में लाल दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका हुआ देखा. यह दृश्य देखते ही वह चीख पड़ी. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्ची को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही बसनही थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. बसनही थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Dipankar shriwastaw

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >