लापता पुत्र की बरामदगी के लिए मां का अनशन पांचवें दिन भी जारी
सहरसा : सदर थाना क्षेत्र के गांधी पथ स्थित किराये के मकान से कई दिन पूर्व लापता सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के अमरोला टोला सिटानाबाद निवासी 27 वर्षीय नीरज कुमार की बरामदगी को लेकर उसकी मां ज्ञानी देवी द्वारा सुपर बाजार द्वार पर बुधवार से शुरू हुआ अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पांचवें दिन रविवार को भी जारी रहा. अनशनकारी महिला की हालत दूसरे दिन से ही खराब हो गयी है. चौथे दिन डॉक्टरों की टीम ने अनशनकारी के स्वास्थ्य की जांच कर स्लाइन चढ़ाया.
अनशनकारी ने कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, अनशन जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने दिल्ली जाने की बात कही है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है. उन्होंने आरोपियों के फरार होने की स्थिति में कुर्की करने की मांग की है. मालूम हो कि लगभग 15 दिन पूर्व नीरज अचानक गायब हो गया था. जिसको लेकर सदर थाना में मामला भी दर्ज कराया गया था. परिजनों ने सुपौल जिले के एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग में उसके परिजनों द्वारा बीते 16 मई को हत्या कर शव को फेंक दिये जाने का आरोप लगाया है. पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भी भेज दिया है.
हालांकि परिजनों के आरोप के अनुसार शव बरामद नहीं हो पाया है. जिससे हत्या की पुष्टि हो सके. चौथे दिन पूरे शहर में कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन व अन्य संगठनों ने अरथी जुलूस निकाल पुलिस व प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी की. लोगों ने आक्रोश व्यक्त करते कहा कि जब तक नीरज का शव एवं अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा. मौके पर योगेंद्र दास, संजीव कुमार बबलू, बिहार विकास मोरचा के सोनू तोमर, हम पार्टी के राजन आनंद, अमित आनंद, अमित पाठक, राजकुमार पोद्दार, श्रवण कुमार, रामविलास दास, दीपक कार, रमेश दास, महादेव तांती, रेणु दास, उमेश दास, विजय कुमार, मीणा देवी, सुचिता कमारी, दुलारी देवी, आमना खातून, उषा देवी, रंजन देवी, नीलम देवी, सरिता देवी, विवेक कुमार सहित अन्य मौजूद थे.
