Rohtas News:(संदेश जायसवाल) रोहतास जिले के चेनारी नगर पंचायत क्षेत्र से गुजरने वाले चेनारी-कुदरा स्टेट हाईवे के किनारे लांजी गांव के पास मुख्य नाले की स्थिति बेहद खतरनाक हो गई है. यहां नाले के ऊपर लगा स्लैब कई जगहों से टूटकर धंस गया है, जिससे सड़क किनारे चलने वाले लोगों के लिए हर पल दुर्घटना का खतरा बना हुआ है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग दिनभर हजारों वाहनों और पैदल यात्रियों की आवाजाही वाला है, लेकिन सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं. खासकर रात के समय यह स्थान और भी खतरनाक हो जाता है.
बाइक सवार और बच्चे भी जोखिम में
ग्रामीणों के अनुसार, टूटे स्लैब के कारण कई बार बाइक सवार असंतुलित होकर गिर चुके हैं. स्कूली बच्चों और पैदल चलने वाले लोगों के लिए भी यह जगह बेहद जोखिम भरी बनी हुई है.
लांजी गांव के निवासी सोनू यादव ने बताया कि बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है, क्योंकि पानी भरने से गड्ढे और टूटे हिस्से दिखाई नहीं देते.
बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड नदारद
स्थानीय लोगों ने बताया कि खतरनाक स्थान पर न तो कोई बैरिकेडिंग लगाई गई है और न ही किसी प्रकार का चेतावनी बोर्ड लगाया गया है। इससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है.
कई बार नगर पंचायत प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया है. इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
नगर पंचायत ने दिया मरम्मत का आश्वासन
इस मामले में नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक भारती ने कहा कि टूटे स्लैब की जानकारी मिल चुकी है. जल्द ही स्थल निरीक्षण कर मरम्मत कार्य कराया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोका जा सके.
लोगों की मांग- जल्द हो स्थायी समाधान
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सिर्फ अस्थायी मरम्मत नहीं, बल्कि नाले के स्लैब की स्थायी मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका खत्म हो सके.
