Bihar News:(रजी अहमद खान) रोहतास नगर पंचायत की सशक्त स्थायी समिति का गठन आगामी 30 मई को डेहरी स्थित सम्राट अशोक हॉल (डीएवी कैंपस) में किया जाएगा. इस समिति में कुल तीन सदस्य निर्वाचित होंगे. चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
13 वार्ड पार्षद, कई उम्मीदवारों की संभावना
नगर पंचायत में कुल 13 वार्ड पार्षद हैं. संभावना जताई जा रही है कि इनमें से लगभग सात पार्षद चुनावी मैदान में उतर सकते हैं. इससे चुनावी मुकाबला काफी रोचक होने की उम्मीद है और आधे से अधिक पार्षद सक्रिय भूमिका में नजर आ रहे हैं.
संभावित उम्मीदवारों में वार्ड नंबर 5 से गुलाम सरवर अंसारी, वार्ड नंबर 11 से मुरारी तिवारी, वार्ड नंबर 2 से तरन्नुम खातून, वार्ड नंबर 7 से शांति देवी, वार्ड नंबर 8 से अमन गुप्ता, वार्ड नंबर 6 से अजमत अली और वार्ड नंबर 12 से आकिब खान के नाम प्रमुख रूप से चर्चा में हैं.
पुरानी समिति के सदस्य भी फिर मैदान में
जानकारी के अनुसार पूर्व सशक्त स्थायी समिति में अमन गुप्ता, अजमत अली और सुनीता देवी सदस्य थे. इस बार भी इनमें से कुछ सदस्य दोबारा चुनावी मैदान में नजर आ सकते हैं, जबकि नए चेहरों की भी मजबूत दावेदारी देखी जा रही है.
पहली बार मतदान से होगा चुनाव
इस बार सशक्त स्थायी समिति का गठन मतदान प्रक्रिया के माध्यम से किया जा रहा है, जिससे वार्ड पार्षदों में उत्साह बढ़ गया है. सभी सदस्यों को 30 मई को अपने प्रमाण पत्र के साथ सम्राट अशोक हॉल में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है और चुनाव संपन्न होने तक वहीं बने रहने को कहा गया है.
तीन वोट डाल सकेंगे पार्षद
इस चुनाव में प्रत्येक पार्षद को तीन बार मतदान करने का अधिकार होगा, क्योंकि तीन सदस्य चुने जाने हैं. इसी वजह से विभिन्न गुटों के बीच रणनीति और जुगलबंदी तेज हो गई है.
चुनाव को लेकर बढ़ी राजनीतिक हलचल
नगर पंचायत में चुनाव को लेकर काफी हलचल देखी जा रही है. पार्षद अपने-अपने समूह को मजबूत करने और समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि सशक्त स्थायी समिति की तीन सीटों पर कौन बाजी मारता है.
Also Read: बक्सर में सीएम दौरे को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव, चप्पे-चप्पे पर निगरानी
