पिकनिक मनाने को लेकर सभी लोगों में काफी उत्साह

सासाराम/डेहरी : नव वर्ष के स्वागत में महज कुछ घंटे बचे हैं. नववर्ष के मौके पर पिकनिक मनाने को लेकर सभी लोगों में काफी उत्साह रहता है़ शहर में पिकनिक मनाने के लिए कुछ चिह्नित पिकनिक स्पॉट हैं, जहां काफी संख्या में आमजन नव वर्ष के मौके पर सपरिवार व साथियों के साथ पहुंचते हैं. […]

सासाराम/डेहरी : नव वर्ष के स्वागत में महज कुछ घंटे बचे हैं. नववर्ष के मौके पर पिकनिक मनाने को लेकर सभी लोगों में काफी उत्साह रहता है़ शहर में पिकनिक मनाने के लिए कुछ चिह्नित पिकनिक स्पॉट हैं, जहां काफी संख्या में आमजन नव वर्ष के मौके पर सपरिवार व साथियों के साथ पहुंचते हैं. शहर में नेहरू शिशु उद्यान, शेरशाह रौजा पार्क, मांझर कुंड, धुंआ कुंड प्रमुख हैं. स्थानीय युवाओं द्वारा इन पिकनिक स्पॉटों की साफ-सफाई व अन्य प्रकार की आवश्यक तैयारी पूर कर ली गयी है़
नेहरू शिशु उद्यान
यह शहर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के समीप पुराने जीटी रोड के किनारे स्थित है. बच्चों से लेकर बुढ़े तक यहां पर सुबह में मॉनिंग वॉक व शाम के समय में मनोरंजन करने पहुंचते हैं. यह पार्क शहरवासियों की पहली पसंद है. उद्यान में लगे फव्वारे के बीच आकर्षक तरीके से सजाये गये रंग बिरंगे झालरों के बीच शाम के समय में उसकी दिव्य छठा देखते ही बन रही है.
शेरशाह रौजा पार्क
शहर के रौजा रोड स्थित शेरशाह रौजा पार्क न सिर्फ शहरवासियों व आसपास क्षेत्र के लोगों की पहली पसंद है, बल्कि यहां समय-समय पर विदेशी सैलानी भी घूमने आते रहते हैं. कुछ महत्वपूर्ण अवसरों पर शेरशाह सूरी के मकबरा व पार्क के दिव्य नजारों को देखने के लिए हजारों की तदाद में लोग पहुंचते है.
मांझर कुंड व धुंआ कुंड
कैमूर पहाड़ी स्थित मांझर कुंड व धुंआ कुंड युवाओं की पहली पसंद है. इन स्थानों पर प्राकृतिक छटाओं के बीच नये साल पर पिकनिक मनाने के लिए काफी संख्या में युवकों की टोली पहुंचती है.
इंद्रपुरी बांध
शहर के करीब 10 किलोमीटर दूर डेहरी-तिलौथू मार्ग के मध्य स्थित इंद्रपुरी बांध जहां सोन नद के पानी को रोक कर नहरों में छोड़ा जाता है और बाढ़ के वक्त जल को नियंत्रित कर लोगों को बड़ी मुसीबत से बचाने के कार्य को अंजाम दिया जाता है. यहां के जल स्टॉक व पानी का शोर लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा है. यहां वैसे भी लोग बराबर ही घुमने के मकसद से आते रहते हैं.
रोहतासगढ़ किला
यह किला महानद सोन नद के तट पर समुद्र तल से डेढ़ हजार फुट की ऊंचाई पर कैमूर पहाड़ी पर स्थित है. किले में सराय महल, रंग महल, शीश महल, जरासंघ का सिहांसन विद्यमान है. इतिहासकारों का मानना है कि विश्व में इतनी ऊंची पहाड़ी पर कोई दूसरा किला स्थित नहीं है. यह सभी स्थान पहली जनवरी को लोगों से गुलजार रहने वाले है. इसके लिए सभी तैयार दिख रहे हैं.
सोन नद स्थित एनिकट
शहर स्थित सोन नद का एनिकट क्षेत्र जो लोगों को सदैव आकर्षित करती है. यहां की मनोरम छटा के साथ 20 नंबर फाटक कालांतर में सोन नद के बहाव को नियंत्रित करने के लिए बांध के रूप में काम करता था. यहां लोग फुर्सत के दो क्षण व्यतीत करने से गुरेज नहीं करते. ऐसे में यह स्थान शहरवासियों के लिए नये वर्ष की पहली पसंद बने तो इसमें कोई अतिशियोक्ति नहीं होगी.
तुतला भवानी
तिलौथू क्षेत्र के अंतर्गत चंद्रपुरा पंचायत में प्राकृतिक सौंदर्य के बीच स्थित है तुत्लेश्वरी भवानी का धाम तुतला भवानी. हजारों फुट ऊंची पर्वत शृंखला व हरी वनस्पति छटा के बीच झरझर गिरते ऊंचे झरने के मध्य में स्थित माता का मंदिर जिसके दर्शन मात्र से भक्तों के कष्ट दूर हो जाते हैं. प्राकृतिक के गोद में बसे यहां जलकुंड भी लोगों को आकर्षण का केंद्र रहे हैं. जिससे अनायास ही लोग यहां खिंचे चले आते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >