पंचायत चुनाव के कारण वाहनों को जब्त किया गया है़ इसका असर भी दिखने लगा है़ यात्रियों को काफी इंतजार के बाद कोई वाहन मिलता है भी उसमें काफी भीड़ और किराया भी अधिक चुकता करना पड़ रहा है़ शादी-विवाह का मौसम होने के कारण भी परेशानी बढ़ गयी है़
डेहरी ऑन सोन : शहर में प्रमुख दो बस पड़ावों व गांधी चौक पर यात्री वाहनों के इंतजार में घंटो धूप में खड़े रह रहे है. लेकिन घंटों बाद उनको कोई वाहन मिल रहा है़ चिलचिलाती धूप व उमस भरी गरमी में अंतर्राजीय बस पड़ाव मोहन बिगहा, जिला पर्षद बस पड़ाव स्टेशन रोड व गांधी चैक के पास घंटों खड़ा रह कर लोग बसों का इंतजार कर रहे हैं. पंचायत चुनाव को ले कर एक तरफ जहां बसों व अन्य वाहनों की धर-पकड़ प्रशासन द्वारा किये जाने से वाहनों की संख्या में कमी आयी है.
वहीं, शादी के इस मौसम में बरात ले जाने के लिए कई बसों को रिजर्व कर दिये जाने से भी यात्री बसें बहुत ही कम चल रही हैं. दूर-दराज के इलाके में जाने के लिए घंटों इंतजार के बाद भी जब बस नहीं मिल रही है, तो वैसी स्थिति में लोगों को काफी अधिक पैसा चुका कर टैक्सी की सहारा लेना पड़ रहा है. सड़क किनारे खड़े हो कर बस का इंतजार करते परिवारों के बीच छोटे-छोटे बच्चों की हालत खराब होती है. गरमी के कारण पसीने से तरह बच्चे परिजन की गोद में काफी रोते हैं. मजबूर परिजन उन्हें चूप रहने के लिए कहने के सिवाय और कुछ कर भी क्या सकते हैं.
एनएच टू सी पर गांधी चौक के पास नौहट्टा की तरफ जाने के लिए बस का इंतजार करते यात्रियों ने कहा कि चिलचिलाती धूप में खड़ा होना हमारी मजबूरी है. प्रशासन व जनप्रतिनिधियों को यह चाहिए कि सुदूर इलाके को जाने वाले लोगों के लिए यह महत्वपूर्ण बस स्टॉप है. यहां एक यात्री शेड की आवश्यकता को ध्यान में रख कर उसे बनाना चाहिए. नौहट्टा निवासी राम सुरेश राम कहते हैं कि पिछले तीन-चार घंटों से अपने परिवार के साथ बस आने का इंतजार कर रहा हूं. गरमी के कारण हम सभी की हालत खराब है.
उधर, बस है कि आने का नाम नहीं ले रही. तिलौथू निवासी राजू कुमार कहते हैं कि एक तो शादी विवाह का मौसम उपर से चुनाव के लिए बसों का प्रशासन द्वारा पकड़ा जाना हम लोगों के लिए गंभीर समस्या बन गया है. प्रशासन को चाहिए कि यात्रियों की परेशानी को देखते हुए हर रूट से कम से कम बसों को चुनाव कार्य के लिए जब्त करें. तिलौथू की रहनेवाली मंजू कुमारी कहती हैं कि इस रोड पर बसों के कम चलने के कारण हमें घंटों यहां खड़ा रह कर इंतजार करना पड़ रहा है. प्रशासन को चाहिए कि वह पहल करें और यात्रियों की इस समस्या से निजात दिलाने का प्रयास करें.
