अकोढ़ीगोला (रोहतास) : पुरुषोत्तम श्रीराम के जन्मोत्सव पर श्रीरामरथ यात्रा पूजा समिति द्वारा जंगीदास रामकृष्ण शिवालय से शनिवार को शोभायात्रा निकाली गयी. जुलूस शिवालय से निकलकर बराढ़ीगोला, चांदी रोड, सिनेमा रोड होते हुए पूरा शहर में भ्रमण किया. इस दौरान जयश्रीराम, जय हनुमान के नारे गूंजते रहे. इस शोभायात्रा को देखने के लिए आस पास के गांवों से काफी संख्या में लोग आये थे. जुलूस में परंपरागत हथियार लाठी, भाला, तलवारों का प्रदर्शन भी किया गया.
राम, लक्ष्मण, सीता, हमुमान व भगवान विष्णु, श्री कृष्ण की झाकियां लोगों का आकर्षण का केंद्ररहा. वहीं हनुमान की बांदरी सेना बच्चों के लिए मनमोहक का केंद्र था. बंदरी सेना में छोटे छोटे बच्चे की चहलकदमी होती रही. बनारस से आये कलाकारों ने एक से बढ़कर एक खूबसूरत झाकियां निकाली.
वहीं, पतंजलि योग समिति के डाॅ अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में निकाली गयी झांकी भी आकर्षण का केंद्र रहा. जुलूस के दौरान समाजिक संगठनों द्वारा जगह जगह पर पेय जल, शरबत व बताशा आदी की व्यवस्था की गयी थी. शोभायात्रा समिति के अध्यक्ष आनंदी गुप्ता, संयोजक प्रमोद गुप्ता, उपाध्यक्ष गोपाल प्रसाद, रंजीत गुप्ता, ओम प्रकाश, राघवेंद्र प्रसाद, सदस्य मनोज, सनोज, मनन, अरुण, निर्मल गुप्ता आदी शोभायात्रा के संचालन में सक्रिय रहे.
चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल के जवान रहे तैनात
जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था को लेकर चपे-चपे पर पुलिस बल के जवान तैनात थे. हर चौक चौराहे पर होम गार्ड के जवान तैनात थे. वहीं, दरिहट थाना अध्यक्ष राजीव रंजन, अकोढ़ीगोला थानाध्यक्ष विवेक राज, डालमियानगर थानाध्यक्ष राम इकबाल, राजपुर थानाध्यक्ष राजीव रंजन, बघैला थानाध्यक्ष रणजीत पासवान पुलिस बल के साथ तैनात थे.
वहीं अनुमंडल पदाधिकारी पंकज पटेल, बीडीओ सुशील कुमार, सीओ विकास कुमार सुरक्षा का जायजा लेते दिखे. एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने अकोढ़ीगोला में निकाली गयी श्रीराम रथ यात्रा की सुरक्षा का जायजा लिया. उन्होंने शांतिपूर्ण महौल में शोभायात्रा को निकालने की अपील करते हुए थानाध्यक्ष को जुलूस को पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था देने का निर्देश दिया. मौके पर एएसपी सुशांत कुमार सरोज, मेजर विपिन कुमार, हेडक्वार्टर डीएसपी जितेंद्र कुमार पांडेय, डीएसपी अशोक प्रसाद मौजूद थे.
