गुप्ताधाम में चैत महाशिवरात्रि पर लगता है मेला
सासाराम/चेनारी : गुप्ता धाम में चैत महाशिवरात्रि पर लगने वाले मेले में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है. भक्तों का तांता लगा हुआ है.भक्तों के जयकारे से कैमूर पहाड़ी भक्तिमय हो गई है. कई श्रद्धालु बक्सर व बनारस एमपी, झारखंड से भी पहुंचे हैं और भारी संख्या मे गुप्ताधाम जा रहे हैं. लेकिन, धाम पर प्रशासन द्वारा कोई भी सरकारी सुविधा मुहैया नहीं करायी गयी है. गुप्ता धाम समिति के अध्यक्ष गोपाल सिंह खरवार ने बताया कि धाम में मेडिकल टीम नहीं पहुंचने के कारण समिति के सदस्यों को भारी परेशानी हो रही है.
गुप्ता धाम के महंत समहुतिया बाबा ने कहा कि धाम पर चैत महाशिवरात्रि में एक लाख से अधिक भक्तों की भीड़ आने की संभावना है. लेकिन, सरकार द्वारा यहां कोई व्यवस्था नहीं की गयी है. सोमवार को करीब साठ हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र शिव लिंग पर जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की.
