सासाराम (ग्रामीण) : जिला पुलिस व उत्पाद विभाग के अधिकारियों के संयुक्त अभियान में शुक्रवार की सुबह पुलिस ने अवैध शराब फैक्टरी का खुलासा कर भट्ठी को ध्वस्त कर दिया. पुलिस ने वहां से भारी मात्रा में महुआ शराब व जावा महुआ सहित शराब बनाने के कई उपकरण व उपस्कर बरामद किये.
उत्पाद अवर निरीक्षक प्रकाश राम ने बताया कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दहियाड़ गांव के नदी के किनारे जंगल में स्थित अवैध शराब फैक्टरी चलने की सूचना मिली थी. इसके बाद उत्पाद विभाग व बिहार पुलिस ने विशेष कार्य योजना तैयार की व अहले सुबह घेराबंदी कर दी गयी. हालांकि, मुख्य सड़क से तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित फैक्टरी तक पुलिस के पहुंचने के पूर्व व्यवसायी भागने में सफल हो गये. लेकिन, व्यवसायियों को चिह्नित कर लिये गये हैं. इस मामले में चार लोगों को आरोपित किया गया है.
प्रकाश राम ने बताया कि छापेमारी के दौरान आठ हजार किलो जावा महुआ व सात हजार लीटर महुआ शराब बरामद की गयी. इसके अलावा चार चुलाई मशीन, लोहे के चार ड्रम, एलमूनियम के बरतन व पाइप बरामद किये गये हैं. यहां से पूरे जिले में आपूर्ति की जाती थी. पुलिस के मुताबिक, दो फरार व्यवसायी क्रमश: हृदय नारायण यादव व बिपीन महतो को चिह्नित किया गया है, जबकि दो अज्ञात के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की जा रही है.
गौरतलब है कि नौ जनवरी को चलाये गये अभियान में पुलिस ने इन्हीं व्यवसायियों को चिह्नित किया था, जो अब भी फरार चल रहे हैं. छापेमारी दल में डीएसपी आलोक रंजन, मुफस्सिल थानाध्यक्ष दीनानाथ कुमार, उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक प्रकाश कुमार राम, सुरेश राम, दीपक कुमार मिश्र व पुअनि मोती लालसहित काफी संख्या में सैप व जिला पुलिस के जवान शामिल थे.
छापेमारी के पूर्व की गयी थी घेराबंदी
छापेमारी के पूर्व पुलिस ने घेराबंदी कर ली थी. पुलिस ने मुखबीर भी तैनात किये गये थे. लेकिन, किसी तरह चकमा देकर व्यवसायी भागने में सफल हो गये. हालांकि, इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने एक बार फिर अपना जाल बिछा दिया है. डीएसपी आलोक रंजन के मुताबिक, शीघ्र ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
