सासाराम (सदर) : शहर में सड़क जाम की समस्या नासूर बनती जा रही है. जाम का मुख्य कारण शहर के सभी मार्गों पर अतिक्रमण कर दुकानें लगाना है. इसके कारण आये दिन शहर पूरी तरह अतिक्रमित व संकीर्ण हो गयी है, जिससे लोगों को आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. यही नहीं, वाहन चालक ट्रैफिक के नियमों का भी पालन नहीं कर रहे हैं.
शहर में दोनों तरफ अलग-अलग लेन बनाये गये हैं. बावजूद एक ही लेन में दोनों तरफ की गाड़ियां चलती हैं, जिससे अक्सर सड़क जाम हो जाती है. सोमवार को जाम में अधिकारी समेत एंबुलेंस व कई स्कूलों के वाहन घंटों फंस रहे. इसके कारण स्कूली बच्चे भूख व प्यास से तीखी धूप में तड़फड़ाते रहे. इस बाबत पूछे जाने पर जिला परिवहन पदाधिकारी जय कुमार द्विवेदी ने कहा कि शहर में ट्रैफिक नियम के पालन के लिए कई उपाय किये गये व कार्रवाई भी हुई, लेकिन चंद लोगों द्वारा वाहनों के परिचालन में लापरवाही किये जाने से जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है.
जाम से निजात दिलाने के लिए वन-वे परिचालन भी शुरू किया गया था. अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित अधिकारी के साथ वार्ता भी हुई थी. लेकिन, कार्रवाई नहीं होने से जाम की समस्या यथावत रह गयी.
