करगहर. बिहार में परिवर्तन जरूरी है. परिवर्तन होने के बाद ही बिहार के नौजवान गरीब किसान खुशहाल होंगे. आजादी से आज तक कांग्रेस, राजद व जदयू ने शासन किया. लेकिन, राज्य के लोगों के साथ न्याय नहीं किया. नौजवानों को रोजगार नहीं दिया. किसानों को खेतों में पानी नहीं दिया. फसल का उचित मूल्य भी नहीं दिया. ये बातें बुधवार को बभनी हाइस्कूल के मैदान में रालोसपा प्रत्याशी वीरेंद्र कुशवाहा के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने कहीं.
उन्होंने कहा कि आज रोजगार के अभाव में बिहार के गरीब मजदूर अन्य प्रदेशों में पलायन कर रहे हैं. राज्य में भ्रष्टाचार, लूट खसोट, हत्या, अपहरण का उद्योग स्थापित हो चुका है. आज राज्य के मुख्य मंत्री विकास का दावा करते फिर रहे हैं. लेकिन, इन नेताओं के रहते बिहार का विकास संभव नहीं है. वहीं, लोजपा के सांसद रामचंद्र पासवान ने कहा कि बिहार में वर्तमान में निकम्मी सरकार को हटा कर एनडीए की सरकार बनानी होगी, तभी बिहार का विकास संभव हो सकेगा. सभा की अध्यक्षता आशीष कुमार ने की. संचालन संजय सिंह ने किया. सभा को ब्रह्मानंद चंद्रवंशी, सत्येंद्र दूबे, गुप्तेश्वर गुप्ता व हरेंद्र चौहान आदि ने संबोधित किया.
संझौली प्रतिनिधि के अनुसार, 16 अक्तूबर को होने वाले चुनाव में काराकाट विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी राजेश्वर राज के पक्ष में मतदान करने की अपील की. उन्होंने केके उच्च विद्यालय, संझौली के मैदान में चुनावी सभा को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि केंद्र की तरह बिहार में भी जब एनडीए की सरकार बनेगी, तभी बिहार का विकास संभव है. केंद्र सरकार बिजली, नहरों में पानी, सड़क निर्माण के लिए रुपये देती है. कार्यक्रम की अध्यक्षता सरयू प्रसाद सिंह व संचालन प्रो केपी सिंह ने किया.
चेनारी प्रतिनिधि के अनुसार, . चेनारी हाइस्कूल के मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि अहंकारी हैं नीतीश कुमार. उन्होंने कहा कि किसानों के धान का मूल्य बिहार सरकार नहीं दे रही है. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी समुचित व्यवस्था नहीं है. पांच साल पूर्व नीतीश कुमार ने जो वादा किया था, वह एक भी वादा पूरा नहीं हो पाया. आप सभी सभी लोग से आग्रह है कि ऐसी भ्रष्ट व अहंकारी सरकार को बिहार से उखाड़ फेकें. उन्होंने चेनारी से प्रत्याशी ललन पासवान के पक्ष में मतदान करने की अपील की.
अकबरपुर प्रतिनििध के अनुसार, अपने ही प्रदेश में नौजवानों को रोजगार नहीं मिलता है. पंचायतों में स्कूल नहीं खुले हैं. ये बातें केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने वीर कुंवर स्टेडियम बंजारी में आयोजित चुनावी सभा में कहीं. उन्होंने कहा कि आजादी के बाद जिन लोगों के हाथ में आप लोगों ने सत्ता सौपी थीं, वे भ्रष्टाचार में ही लिप्त हो गये. बड़े मियां, तो बड़े मियां छोटे, मियां सुभान अल्लाह वाली यहां चरितार्थ हुई. उन्होंने कहा कि बिहार में परिवर्तन कर एनडीए की सरकार बनाएं व ललन पासवान को भारी मतों से विजयी बनायें.
