सासाराम विधायक के बेटा सहित तीन पर मारपीट की प्राथमिकी

सासाराम कार्यालय : महज एक प्लेट भुजिया के लेन-देन को लेकर साथियों के साथ विधायक के बेटे ने एक फुटपाथी होटल संचालक की जम कर पिटाई कर दी. पिटाई से गंभीर रूप से जख्मी होटल संचालक का इलाज नारायण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एनएमसीएच) में चल रहा है. उसके सिर में गंभीर चोट लगी है. […]

सासाराम कार्यालय : महज एक प्लेट भुजिया के लेन-देन को लेकर साथियों के साथ विधायक के बेटे ने एक फुटपाथी होटल संचालक की जम कर पिटाई कर दी. पिटाई से गंभीर रूप से जख्मी होटल संचालक का इलाज नारायण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एनएमसीएच) में चल रहा है. उसके सिर में गंभीर चोट लगी है. इस घटना में विधायक के बेटे सहित तीन को नामजद आरोपित बनाया गया है, जबकि एक अज्ञात है. नामजदों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.

जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के गांधी स्मारक पानी टंकी के समीप रजत केसरी अपना फुटपाथी होटल चला रहा था. सोमवार की रात करीब 10:30 बजे सासाराम के विधायक अशोक कुमार का बेटा अंकुर सिंह अपने तीन-चार दोस्तों के साथ आया और किसी बात पर कहा सुनी होने के बाद रजत को वे लोग कनीराम धर्मशाला के समीप अंकुर होटल (यह होटल विधायक की ही है) में ले गये और उसकी जम कर पिटाई की. परिजनों के पहुंचने पर रजत को जख्मी हालत में एनएमसीएच में ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
इस संबंध में एएसपी राजेश कुमार ने बताया कि मामले का एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. तीन नामजद आरोपितों में शहर के नयका गांव मुहल्ला निवासी अंकुर सिंह, नवरतन बाजार मुहल्ला निवासी सज्जन पोद्दार व राज कॉलोनी मुहल्ला निवासी प्रधान सोनी शामिल हैं. एक अन्य अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज है. आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. अब तक किसी की गिरफ्तार नहीं हो सकी है. फिलहाल सभी फरार हैं.
एक प्लेट भुजिया के लिए बेरहमी से पीटा
घटना के संबंध में जख्मी रजत के जीजा धनबाद निवासी पवन केसरी ने बताया कि सोमवार की रात करीब 10:30 चारों आरोपित होटल पर आये और वहां टेबल पर रखे एक प्लेट भुजिया लेकर जाने लगे. रजत ने उन्हें टोका की यह भुजिया ग्राहक के लिए है. इस बात पर वे सभी उलझ गये. वे चारों नशे में थे. हाथापाई हो ही रही थी कि इसी बीच पुलिस आ गयी.
पुलिस बीच बचाव की और चारों को जीप में बैठा ले गयी, लेकिन कुछ देर बाद ही चारों वापस दुकान पर आये और रजत को यह कहते हुए कि चलो जो हुआ सो हुआ बात खत्म करते हैं. उसे पास ही अंकुर होटल में ले गये. जहां पहले से कुछ और लोग थे. वहां रजत को बुरी तरह पीटने लगे. इस बीच किसी लड़के ने मारपीट की सूचना दी. दुकान व आसपास के लोगों ने रजत को किसी तरह उन लोगों के चंगुल से बचाया और अस्पताल ले गये.
रात में पुलिस ने नहीं दर्ज की प्राथमिकी
पवन ने बताया कि अस्पताल ले जाने के बाद पुलिस को सूचना दी गयी. पुलिस के एक अफसर ने कहा कि पहले इलाज कराओ बाद में प्राथमिकी होगी. रजत को अस्पताल से इलाज कर घर लाया गया, जहां इसकी हालत बिगड़ने लगी. फिर इसे एनएमसीएच में लाया गया. जहां अभी भी इलाज चल रहा है. मंगलवार को पुन: नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी. पुलिस किस तरह व कितनी त्वरित कार्रवाई करती है.
पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद ने की निंदा
घटना की निंदा करते हुए पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद ने कहा कि धर्मशाला पर गुंडागर्दी का पुराना इतिहास है. विधायक के संरक्षण में व्यापारियों का भयादोहन आये दिन होते रहा है. इसी की कड़ी है कि एक होटल संचालक की बेरहमी से पिटाई विधायक के बेटे व उसके साथियों ने की और पुलिस तीसरे दिन छापेमारी कर रही है. लोगों के न्याय के लिए आवाज उठाता रहूंगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >