दीपावली से जिले के ओडीएफ घोषित होने तक होगा यह कार्यक्रम
इस बार का जिला स्थापना दिवस होगा कुछ खास
सासाराम सदर : ग-पग पर स्वच्छता होगी. स्वच्छता से संबंधित सभी कार्य जन आंदोलन के रूप में किया जायेगा. दीपावली से एक दिन पहले जिले के सभी 245 सत्याग्रह केंद्रों पर स्वच्छता का अखंड दीप जलाया जायेगा.
दीप जलने के बाद से जिले के ओडीएफ घोषित होने तक यानी जिला स्थापना दिवस तक लगा तार दीप जलते रहेंगे. जिला स्थापना दिवस पर सभी अखंड दीपकों को एक साथ जिला मुख्यालय में लाया जायेगा. यह बात मंगलवार को डीएम अनिमेष कुमार पराशर ने अपने कार्यालय में प्रेस-वर्ता करते हुए कही. उन्होंने कहा कि अबकी बार के जिला स्थापना दिवस को कुछ खास अंदाज में मनाया जायेगा. हर जगह उत्सवी माहौल होगा. गांव हो या शहर हर जगह स्वच्छता का गुनगान होगा.
सबके साथ बैठक कर होगी तैयारी पर चर्चा : डीएम ने कहा कि शहर हो या गांव हर जगह पर स्वच्छता से संबंधित कार्यों में कोई कमी नहीं आयेगी.
10 नवंबर यानी जिला स्थापना दिवस शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सजाया जायेगा. शहर के सभी चौक-चौराहे, मुख्य गली, संस्थान, कार्यायल आदि जगहों पर दुल्हन की तरह सजाया जायेगा. इसके लिए अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी सहित आमजनों की बैठक कर तैयारी की जायेगी. प्रचार-प्रसार के लिए वाहनों का सहारा लिया जायेगा. छोटे से लेकर बड़े चार पहिया वाहनों पर प्रचारक पंप्लेट्स के माध्यम प्रचार-प्रसार की प्रक्रिया शुरू की जायेगी.
11 अक्तूबर से रणनीति होगी शुरू: डीएम ने कहा कि इस अभियान के कार्यक्रम को सफल करने के लिए 11 अक्तूबर को जिले के तमाम अधिकारियों की बैठक बुलायी जायेगी. इसमें जिलास्तर से लेकर प्रखंड, पंचायत स्तर तक के अधिकारी व जनप्रतिनिधि शामिल होंगे. इस बैठक में पुलिस विभाग के अधिकारी भी शिरकत करेंगे. सभी पुलिस पदाधिकारियों को कार्यक्रम को सफल करने व सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी होगी.
हर दिन निकलेगा मशाल जुलूस
डीएम ने कहा कि इस अभियान में तेजी लाने के लिए जिले के सभी गांवों में एक-एक दिन मशाल जुलूस निकाला जायेगा. इसके माध्यम से इस अभियान का संदेश दिया जायेगा. इसकी शुरुआत चेनारी प्रखंड से हो चुकी है.
शेष गांवों में मशाल जुलूस का आयोजन किया जायेगा. साथ ही सुबह व शाम ओडीएफ का फॉलोअप किया जायेगा. इसका जवाबदेही संबंधित अधिकारी की होगी. जो इस कार्य के प्रति हमेशा सक्रिय रहेंगे. इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दास्त नहीं की जायेगी. उन्होंने कहा कि खुले शौच करते पकड़े जाने पर एक हजार रुपये आर्थिक दंड के साथ जिला मुख्यालय का चक्कर लगना पड़ सकता है.
98.50 प्रतिशत हो चुका ओडीएफ कार्य
डीएम ने कहा कि जिले में 98.50 प्रतिशत ओडीएफ कार्य पूर्ण हो चुका है. शेष 1.50 प्रतिशत एक सप्ताह के अंदर कार्य पूर्ण हो जायेगा. इसके लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया गया है. शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र यानी पंचायतों में ओडीएफ का कार्य उत्सवी माहौल में किया जा रहा है.
