रेलवे प्लेटफॉर्म पर पढ़नेवाले स्टूडेंट्स को मिला पहचानपत्र

रेल एसपी जितेंद्र मिश्रा ने 550 छात्रों को सौंपा पहचानपत्र सासाराम रेलवे स्टेशन पर समूह में पढ़ते हैं सभी स्टूडेंट्स सासाराम शहर : शहर के रेलवे प्लेटफॉर्म पर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों की पुरानी मांग सोमवार को पूरी हो गयी. रेल एसपी जितेंद्र मिश्र ने रेलवे स्टेशन पर स्थित जीआरपी थाना […]

रेल एसपी जितेंद्र मिश्रा ने 550 छात्रों को सौंपा पहचानपत्र
सासाराम रेलवे स्टेशन पर समूह में पढ़ते हैं सभी स्टूडेंट्स
सासाराम शहर : शहर के रेलवे प्लेटफॉर्म पर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों की पुरानी मांग सोमवार को पूरी हो गयी. रेल एसपी जितेंद्र मिश्र ने रेलवे स्टेशन पर स्थित जीआरपी थाना के सामने प्लेटफाॅर्म नंबर दो पर करीब 550 छात्रों को पहचान पत्र दिया. इस पहचान पत्र से छात्रों को प्लेटफाॅर्म पर निर्बाध रूप बैठ कर पढ़ने में मदद मिलेगी.
पहचान पत्र की मांग रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर एक, दो व तीन पर समूह में पढ़ने वाले सैकड़ों छात्र कई वर्षों से करते आ रहे थे. गत वर्ष सितंबर 2016 में रेल एसपी जितेंद्र मिश्र के सासाराम आने पर स्टेशन पर पढ़ने वाले छात्रों ने पहचान पत्र की मांग की थी. उस समय छात्रों ने कहा था कि शहर में कोई ऐसी जगह नहीं है, जहां गरीब बच्चे एक साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सके. बिजली की समस्या भी बनी रहती है.
इस कारण हम प्लेटफाॅर्म पर स्ट्रीट लाइट की रोशनी में अपनी पढ़ाई करते हैं. पढ़ाई के लिए बड़ी संख्या में गरीब छात्र जुटते हैं. उन्हें अगर पहचान पत्र मिल जाये तो स्टेशन पर आने जाने में सहूलियत होगी. उस समय एसपी ने छात्रों को पहचान पत्र निर्गत करने की बात कही थी. भले ही कुछ देर हुई, लेकिन रेल एसपी ने अपना वादा पूरा किया.
इस अवसर पर रेल एसपी ने कहा कि छात्रों को पढ़ाई में कोई बाधा नहीं आये इसके लिए पहचान पत्र निर्गत किया जा रहा है. उन्होंने छात्रों से अपील की कि आप इस पहचान पत्र का दुरुपयोग नहीं होने देंगे. वर्तमान समय में 550 छात्रों को पहचान पत्र दिया जा रहा है. शेष बचे छात्रों को आवेदन फार्म जमा करने के बाद पहचान पत्र दिया जायेगा.
मौके स्टेशन प्रबंधक उमेश पांडेय, जीआरपी निरीक्षक अजय कुमार, थानाध्यक्ष ओम प्रकाश पासवान, छात्रों में राहुल राज, मनीष कुमार, उमेश कुमार, जितेंद्र पासवान, राजेंद्र सिंह, गौरव शर्मा आदि थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >