राम-जानकी पथ से बदलेगी बिहार के इस जिले की तस्वीर, 49 गांवों को मिलेगा फायदा

Ram Janki Path: अयोध्या से जनकपुर को जोड़ने वाले राम-जानकी पथ का निर्माण पूर्वी चंपारण में तेजी पकड़ रहा है. जिले के 49 गांवों से गुजरने वाली 56 किमी लंबी फोरलेन सड़क के लिए भूमि अधिग्रहण जांच अंतिम चरण में है. इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और हजारों नए रोजगार सृजित होंगे.

Ram Janki Path: अयोध्या और जनकपुर को जोड़ने वाली महत्वाकांक्षी राम-जानकी पथ परियोजना अब पूर्वी चंपारण में तेजी से आगे बढ़ रही है. जिले में बनने वाली 56 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. पांच सदस्यीय समिति की जांच अंतिम चरण में है. इसके साथ ही अधिसूचना जारी करने और खेसरा पंजी तैयार करने की तैयारी भी शुरू हो गई है.

जिले के 7 अंचलों के 49 गांवों से गुजरेगी सड़क

राम-जानकी पथ पूर्वी चंपारण के सात अंचलों के 49 राजस्व गांवों से होकर गुजरेगा. यह सड़क केसरिया के ढेकहां से जिले में प्रवेश करेगी और पताही होते हुए शिवहर की ओर जाएगी. परियोजना के तहत केसरिया के 11, कल्याणपुर के 15, चकिया के 3, मेहसी के 1, मधुबन के 13, फेनहारा के 5 और पताही के 1 राजस्व गांव इस सड़क से जुड़ेंगे.

गांवों को मिलेगा बेहतर आवागमन

सड़क बनने के बाद इन सभी गांवों के लोगों को बेहतर और तेज सड़क संपर्क मिलेगा. इससे लोगों का सफर आसान होगा और आसपास के क्षेत्रों में व्यापार और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.

धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बड़ा फायदा

राम-जानकी पथ बनने के बाद अयोध्या से जनकपुर जाने वाले श्रद्धालुओं का सफर पहले से आसान और तेज होगा. इस मार्ग से विश्व प्रसिद्ध केसरिया बौद्ध स्तूप, सोमेश्वर धाम, कल्याणपुर में बन रहा विश्व का सबसे ऊंचा विराट रामायण मंदिर और ऐतिहासिक सीताकुंड तक पहुंच आसान होगी.

सीतामढ़ी और जनकपुर तक बेहतर कनेक्टिविटी

यह सड़क सीतामढ़ी स्थित मां जानकी मंदिर और नेपाल के जनकपुर धाम तक जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी बेहतर संपर्क मार्ग बनेगी. इससे भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

रोजगार और व्यापार को मिलेगी नई रफ्तार

विशेषज्ञों का मानना है कि सड़क बनने के बाद आसपास होटल, रेस्टोरेंट, पेट्रोल पंप, वे-साइड सुविधाएं और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान विकसित होंगे. इससे हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा. साथ ही जमीन की कीमतों में बढ़ोतरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां भी तेज होंगी.

अधिकारी ने क्या कहा

पूर्वी चंपारण के एडीएलओ कुमार विमल कांत ने बताया कि राम-जानकी पथ परियोजना के लिए पांच सदस्यीय टीम की जांच अंतिम चरण में है. जांच पूरी होते ही भूमि अधिग्रहण की अगली प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.

इसे भी पढ़ें: Patna Student Protest : पटना में पुलिस ने छात्रों पर किया लाठीचार्ज, प्रदर्शन में IG की एस्कॉर्ट गाड़ी पर हमला, शीशे तोड़े


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By परितोष शाही

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 4 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >