पूर्णिया : शनिवार की सुबह पूर्णिया में मौसम सुहावना रहा. आसमान में बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं ने लोगों को राहत दी. हालांकि मौसम विभाग ने जिले के लिए गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दिन चढ़ने के साथ मौसम का रुख बदल सकता है. सुबह की ठंडक के बाद दोपहर में धूप निकलने और उमस बढ़ने की संभावना है. इसके बाद फिर बादल सक्रिय हो सकते हैं और जिले के एक या अधिक स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है.
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की भी संभावना जताई गई है.
हालांकि शुक्रवार को भी भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया था, लेकिन जिले के अधिकांश हिस्सों में केवल हल्की या छिटपुट बारिश ही दर्ज की गई. ऐसे में शनिवार को भी मौसम का दोहरा रंग देखने को मिल सकता है.
