पोस्टमार्टम पहुंचे परिजन औए इंजेक्शन दिखाते हुए परिजन | Prabhat Khabar Network

सर्पदंश के संदेह में दो बच्चों को दिया गया एंटीसीरम, इलाज के बाद दोनों की मौत

पूर्णिया के बड़हराकोठी में सर्पदंश के संदेह में दो बच्चों को एंटीसीरम दिया गया, जिसके बाद दोनों की मौत हो गई. परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है, जबकि डॉक्टर इसे नकार रहे हैं.

Purnia News: पूर्णिया जिले के बड़हराकोठी प्रखंड में सर्पदंश के संदेह में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाये गये दो बच्चों की मौत हो गयी. घटना मुलकिया पंचायत के वार्ड संख्या 13 स्थित कमलपुर बिठेली गांव की है. परिजनों के अनुसार, बीती रात करीब तीन बजे 10 वर्षीय बच्ची को सांप ने डस लिया था. इसी दौरान पास में रो रहे उसके 10 माह के मौसेरे भाई को भी सर्पदंश का संदेह हुआ, जिसके बाद दोनों को बीकोठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.

अस्पताल में दोनों बच्चों को स्नेक वेनम एंटीसीरम दिया गया. इलाज के दौरान 10 माह के बच्चे की मौत हो गयी. वहीं, 10 वर्षीय बच्ची को बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया ले जाया जा रहा था, इसी दौरान उसकी भी मौत हो गयी.

मृतक 10 माह के बच्चे की पहचान कुंदन पासवान के पुत्र निशांत कुमार के रूप में हुई है. वहीं, 10 वर्षीय बच्ची की पहचान विवेका पासवान की पुत्री ज्योति प्रिया के रूप में हुई है.

परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप

घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में इलाज के तरीके को लेकर सवाल उठाये हैं. उनका आरोप है कि 10 माह के बच्चे को पर्याप्त ऑब्जर्वेशन में रखे बिना ही स्नेक वेनम एंटीसीरम दे दिया गया. परिजनों का कहना है कि इलाज में लापरवाही के कारण बच्चे की जान गयी.

हालांकि, ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. राजीव कुमार ने इलाज में लापरवाही के आरोप से इनकार किया है. उन्होंने बताया कि बच्चे के मुंह से भी झाग निकल रहा था. इस स्थिति को देखते हुए दोनों बच्चों को स्नेक वेनम एंटीसीरम दिया गया.

इस घटना में अभी यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों बच्चों की मौत का चिकित्सकीय कारण क्या था. सर्पदंश की पुष्टि, एंटीसीरम के बाद बच्चों की स्थिति में हुए बदलाव और इलाज की प्रक्रिया से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट निष्कर्ष सामने आ सकेगा.

Purnia News: पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लिया. बड़हरा थानाध्यक्ष शन्नी कुमार ने बताया कि पुलिस बल की मदद से शवों को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेजा गया है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध चिकित्सकीय रिकॉर्ड से घटना की परिस्थितियों की जांच में मदद मिल सकती है. फिलहाल परिजनों के आरोप और चिकित्सक के बयान के बीच घटना के वास्तविक कारण को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है.

दो बच्चों की एक ही घटना के बाद हुई मौत से गांव में मातम है. परिजन मामले की जांच और इलाज की पूरी प्रक्रिया स्पष्ट करने की मांग कर रहे हैं.

पोस्टमार्टम पहुंचे परिजन औए इंजेक्शन दिखाते हुए परिजन | Prabhat Khabar Network

Also Read: बिहार में बाढ़ से 270 करोड़ की फसलें बर्बाद, जानिए कितना दिया जाएगा किसानों को अनुदान

Also Read: बिहार के शिक्षकों और कर्मचारियों को राहत, CM सम्राट चौधरी ने जारी किए 461 करोड़ रुपये

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकास वर्मा

विकास वर्मा प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >