पूर्णिया जिले के डगरूआ प्रखंड अंतर्गत दुबैली पंचायत में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत डगरूआ उत्तर मंडल द्वारा एक विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया. मंडल अध्यक्ष अजय कुमार महलदार के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने हिस्सा लिया. देशभक्ति के गगनभेदी नारों से पूरा इलाका राष्ट्रप्रेम के रंग में सराबोर हो गया.
भाजपा प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित हुआ कार्यक्रम
डगरूआ उत्तरी मंडल अध्यक्ष अजय कुमार महलदार ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में हर घर तिरंगा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों के बीच राष्ट्रभक्ति का संदेश पहुंचाना और आगामी 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) के अवसर पर प्रत्येक व्यक्ति को अपने-अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है.
महापुरुषों के त्याग और बलिदान को किया याद
तिरंगा यात्रा के दौरान वक्ताओं ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों और महापुरुषों के समर्पण तथा त्याग को याद किया. नेताओं ने इस सांस्कृतिक और राष्ट्रीय अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया. यात्रा के जरिए युवाओं में राष्ट्रीय एकता और सामाजिक दायित्व की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया गया.
यात्रा में ये प्रमुख लोग रहे मौजूद
इस तिरंगा यात्रा में संजय विश्वास, शेखर कुमार, विपिन चंद्रवंशी, चंदन ततमा, रवीन्द्र कुमार, राहुल कुमार, समिति मुन्ना, प्रेमलाल विश्वास, संजय मनोज विश्वास सहित दर्जनों की संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और नागरिक शामिल रहे.
