छात्रा की चिकित्सीय जांच के बाद स्वास्थ्य विभाग ने किया दावा
पूर्णिया. एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकारण अभियान के दौरान एक छात्रा की तबीयत बिगड़ गयी. जिसे आनन-फानन में जीएमसीएच में भर्ती कराया गया छात्रा शहर के गुलाबबाग सोनौली चौक स्थित मोहनलाल बजाज बालिका उच्च विद्यालय की है. स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, वर्तमान में छात्रा की स्थिति में काफी सुधार है तथा सामान्य रूप से भोजन एवं पानी इत्यादि का सेवन कर रही है. छात्रा को अभी चिकित्सकीय देखरेख में रखा गया है.जांच के क्रम में पाया गया कि छात्रा को हुई परेशानी मुख्यतः घबराहट (एंजायटी) के कारण थी. प्रारंभिक जांच के दौरान मॉनिटरिंग उपकरण में तकनीकी त्रुटि के कारण कुछ रीडिंग गलत प्रदर्शित हुई थी जिसे तत्काल ठीक कर लिया गया. उक्त विद्यालय में शनिवार को कुल 9 छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन दी गयी थी जिनमें से अन्य सभी छात्राएं पूर्णतः स्वस्थ हैं एवं किसी प्रकार की प्रतिकूल प्रतिक्रिया नहीं पायी गयी है.क्या है एचपीवी वैक्सीन
एचपीवी वैक्सीन भारत सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा अनुमोदित, सुरक्षित एवं प्रभावी टीका है,जो सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. इस टीके के सामान्य दुष्प्रभाव बहुत हल्के एवं अस्थायी होते हैं, जैसे हल्का दर्द, सूजन या कभी-कभी चक्कर/घबराहट, जो कुछ समय में स्वतः ठीक हो जाते हैं.
अफवाह पर ध्यान न दें
स्वास्थ्य विभाग सभी अभिभावकों एवं आमजन से अपील करता है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें.एचपीवी टीकाकरण अभियान पूर्णतः सुरक्षित है और इसे सफल बनाने में सभी का सहयोग आवश्यक है.किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या उत्पन्न होने पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र अथवा अधिकृत चिकित्सा पदाधिकारी से संपर्क करें.
