पूर्णिया के निजी क्लिनिक में ऑपरेशन के 10 घंटे बाद महिला की मौत , परिजनों ने किया हंगामा

Purnia Private Clinic Death: पूर्णिया के लाइन बाजार स्थित एक निजी क्लिनिक में ऑपरेशन के बाद महिला की संदिग्ध मौत हो गई. नवजात पुत्र सुरक्षित है. परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है.

पूर्णिया से विकास वर्मा की रिपोर्ट:

Purnia Private Clinic Death: पूर्णिया के लाइन बाजार स्थित एक निजी क्लिनिक में प्रसव के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से रविवार देर रात हड़कंप मच गया. महिला ने ऑपरेशन के जरिए एक पुत्र को जन्म दिया था, जो सुरक्षित है. घटना के बाद परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए क्लिनिक में हंगामा किया. सूचना मिलने पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.
क्लिनिक के बाहर हंगामा करते परिजन

14 महीने पहले हुई थी शादी

मृतका की पहचान पूर्णिया पूर्व प्रखंड के महाराजपुर निवासी राहुल कुमार की पत्नी गुड़िया कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, गुड़िया की शादी करीब 14 महीने पहले हुई थी. परिवार में नए सदस्य के आगमन को लेकर सभी उत्साहित थे, लेकिन प्रसव के बाद महिला की मौत से खुशियां मातम में बदल गईं.

सुबह भर्ती, दोपहर में ऑपरेशन, देर रात हुई मौत

मृतका के पति राहुल कुमार ने बताया कि रविवार सुबह करीब सात बजे उनकी पत्नी को लाइन बाजार स्थित डॉ. निहारिका रानी के निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया था. आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोपहर करीब तीन बजे ऑपरेशन के जरिए पुत्र का जन्म हुआ. परिजनों का कहना है कि उस समय तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन देर रात करीब तीन बजे महिला की मौत हो गई.

चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप

परिजनों का आरोप है कि महिला की तबीयत बिगड़ने के दौरान क्लिनिक में डॉक्टर मौजूद नहीं थीं और पर्याप्त स्वास्थ्यकर्मी भी उपलब्ध नहीं थे. उनका यह भी दावा है कि घटना के बाद डॉक्टर और क्लिनिक का स्टाफ वहां से चला गया. परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधि

घटना की जानकारी मिलने पर महापौर पति एवं समाजसेवी जितेंद्र यादव, पूर्व पार्षद पवन राय तथा कांग्रेस नेता जवाहर किशोर मौके पर पहुंचे. उन्होंने चिकित्सक से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका. जितेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि क्लिनिक में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है और 24 घंटे सेवा उपलब्ध होने के दावे की भी जांच होनी चाहिए.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद सहायक खाजांची हाट थाना, केहाट थाना, फणीश्वरनाथ रेणु टीओपी और भट्ठा टीओपी की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं परिजनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

और पढ़ें: पूर्णिया में पहली बार मंचित हुआ भव्य नाटक ‘सीता स्वयंवर’, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों का दिया संदेश

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >