पूर्णिया गुलाबबाग मंडी: मक्का बाजार में गरमाहट बरकरार, आवक और रैक लोडिंग तेज होने से आगे और उछाल के आसार

उत्तर-पूर्व बिहार की गुलाबबाग मंडी में मक्का बाजार में गरमाहट देखी गई. आवक और लिवाली तेज होने से व्यापारियों में हलचल मची है. जानिए विभिन्न फसलों के भाव और भविष्य के आसार.

उत्तर-पूर्व बिहार की सबसे बड़ी कृषि उपज मंडी गुलाबबाग जूट एवं गल्ला मंडी में रविवार को मक्का बाजार में खासी गरमाहट देखी गई. हालांकि कीमतों में कोई बहुत बड़ा उछाल दर्ज नहीं किया गया, लेकिन आवक की तेज रफ्तार और मजबूत लिवाली से बाजार गुलजार रहा. बाहरी कंपनियों की बढ़ती मांग और रेलवे रैक लोडिंग शुरू हो जाने के कारण आने वाले दिनों में मक्के के भाव में और तेजी आने की पूरी संभावना जताई जा रही है.

स्टॉक जुटाने की होड़ से मक्का बाजार में रौनक

गुलाबबाग मंडी में वर्तमान समय में बड़े स्टॉकिस्टों और कारोबारियों के बीच बाहर की बहुराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय कंपनियों को मांग के अनुरूप आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए माल जुटाने की होड़ मची हुई है. यही कारण है कि स्थानीय आढ़त के साथ-साथ कारोबारी मंडी से बाहर के क्षेत्रों से भी सक्रिय होकर सीधी खरीदारी कर रहे हैं. रविवार को मंडी में मक्के का भाव 2,340 रुपये से लेकर 2,450 रुपये प्रति क्विंटल के स्तर पर बना रहा. मजबूत बिकवाली के चलते पूरे दिन मंडी परिसर में ट्रकों और ट्रैक्टरों की आवाजाही से खासी चहल-पहल बनी रही.

जूट और गेहूं के भाव रहे स्थिर

मंडी में मक्के की सक्रियता के बीच जूट और गेहूं के दामों में स्थिरता देखने को मिली. रविवार को जूट के भाव 11,000 रुपये से लेकर 11,500 रुपये प्रति क्विंटल के स्तर पर टिके रहे. वहीं गेहूं का कारोबार 2,700 रुपये से लेकर 3,200 रुपये प्रति क्विंटल के बीच दर्ज किया गया. कारोबारियों का मानना है कि गेहूं और जूट में स्थानीय मांग सामान्य बनी हुई है, जिससे कीमतों में बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं हुआ.

चावल और दालों के बाजार का मिजाज

खाद्यान्न खंड में चावल और दलहन की विभिन्न श्रेणियों में नियमित कारोबार दर्ज किया गया. चावल वर्ग में मंसूरी चावल 3,250 से 3,425 रुपये, अरवा मोटा चावल 3,050 से 3,250 रुपये तथा प्रीमियम बासमती चावल 12,500 से 13,000 रुपये प्रति क्विंटल बिका. दलहन वर्ग में अरहर दाल 10,600 से 14,500 रुपये, मूंग दाल 9,540 से 9,600 रुपये, मसूर दाल 5,550 से 6,750 रुपये और चना दाल 5,550 से 6,600 रुपये प्रति क्विंटल के दायरे में रही. इसके अलावा गोटा मूंग 8,000 से 9,000 रुपये और गोटा चना 6,200 से 6,400 रुपये प्रति क्विंटल बिका.

तिलहन बाजार में पीली और काली सरसों की स्थिति

मंडी में तिलहन की आवक और मांग भी स्थिर दर्ज की गई. सरसों के वर्ग में पीली सरसों का भाव 7,300 रुपये से 7,800 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जबकि काली सरसों 7,000 रुपये से 7,500 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिकी. कारोबारियों के अनुसार आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए आने वाले दिनों में अनाज और तिलहन के दामों में और सक्रियता देखने को मिल सकती है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अखिलेश चंद्रा

अखिलेश चंद्रा प्रिंट माध्यम में 30 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >