पूर्णिया. दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को खराब मौसम और भारी बारिश का असर हवाई सेवा पर भी पड़ा. पूर्णिया से दिल्ली के लिए रवाना हुई इंडिगो की फ्लाइट 6E6560 दिल्ली एयरपोर्ट पर खराब मौसम के कारण लैंड नहीं कर सकी. यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए विमान को जयपुर एयरपोर्ट डायवर्ट कर दिया गया, जहां शाम करीब 4:30 बजे विमान ने लैंड किया. फ्लाइट के डायवर्ट होने से उसमें सवार यात्रियों को जयपुर एयरपोर्ट पर रुकना पड़ा.
निर्धारित समय पर पूर्णिया से दिल्ली के लिए रवाना हुई फ्लाइट
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार इंडिगो की फ्लाइट 6E6560 अपने निर्धारित समय के अनुसार करीब 1:58 बजे पूर्णिया एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी. विमान के दिल्ली पहुंचने के समय वहां मौसम की स्थिति अनुकूल नहीं थी. खराब मौसम और भारी बारिश के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग संभव नहीं होने पर विमान को जयपुर की ओर मोड़ दिया गया.
पूर्णिया एयरपोर्ट निदेशक ने दी जानकारी
पूर्णिया एयरपोर्ट के निदेशक डीपी गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में मौसम खराब होने के कारण पूर्णिया-दिल्ली फ्लाइट 6E6560 को जयपुर डायवर्ट किया गया है. उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को दिल्ली के बजाय जयपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया.
जयपुर एयरपोर्ट पर रुके यात्री
फ्लाइट के जयपुर पहुंचने के बाद उसमें सवार यात्री फिलहाल एयरपोर्ट पर ही रुके हुए हैं. पूर्णिया निवासी यात्री सुनील सुमन ने बताया कि सभी यात्री जयपुर में रुके हुए हैं. यात्रियों को बताया गया है कि दिल्ली में मौसम साफ होने के बाद उन्हें जयपुर से दिल्ली ले जाया जाएगा.
दिल्ली में मौसम साफ होने का इंतजार
यात्री अब विमान के दोबारा उड़ान भरने और दिल्ली पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं. खराब मौसम के कारण फ्लाइट का परिचालन प्रभावित होने से यात्रियों को आगे की यात्रा को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है. दिल्ली जाने वाले यात्रियों को अपनी आगे की यात्रा की योजना बनाने से पहले संबंधित फ्लाइट की स्थिति की जानकारी लेते रहने की सलाह दी गई है.
Also Read : बाणसागर का पानी बना बिहार के लिए नई मुसीबत, सोन में 5.25 लाख क्यूसेक का रिकॉर्ड बहाव
