पूर्णिया. पूर्णिया विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित अंतर महाविद्यालय वार्षिक शतरंज प्रतियोगिता 2026-27 का पुरस्कार वितरण सह समापन समारोह पूर्णिया महिला महाविद्यालय में आयोजित किया गया. समारोह में विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया. महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. अनंत प्रसाद गुप्ता ने अध्यक्षता करते हुए कहा कि शतरंज एकाग्रता, धैर्य और रणनीतिक कौशल को विकसित करने वाला खेल है.
बालक वर्ग में पार्थ सरकार रहे अव्वल
बालक वर्ग में पूर्णिया कॉलेज के पार्थ सरकार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. डीएस कॉलेज कटिहार के अमित कुमार मंडल दूसरे और केबी झा कॉलेज कटिहार के विजय कुमार तीसरे स्थान पर रहे. पूर्णिया कॉलेज के भावेश कुमार दास ने चौथा स्थान हासिल किया, जबकि पांचवें स्थान पर अररिया कॉलेज, अररिया के प्रतिभागी रहे.
बालिका वर्ग में श्वेता कुमारी ने जीता खिताब
बालिका वर्ग में पूर्णिया कॉलेज की श्वेता कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया. पूर्णिया महिला महाविद्यालय की अमृता कुमारी दूसरे और अररिया कॉलेज, अररिया की निशा कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं. अररिया कॉलेज की गुड़िया कुमारी ने चौथा स्थान हासिल किया, जबकि मुस्कान कुमारी पांचवें स्थान पर रहीं.
शतरंज से विकसित होता है रणनीतिक कौशल
समारोह की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. अनंत प्रसाद गुप्ता ने कहा कि शतरंज केवल मनोरंजन का खेल नहीं है, बल्कि इससे एकाग्रता, धैर्य, निर्णय लेने की क्षमता और रणनीतिक सोच विकसित होती है. उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं.
विभिन्न कॉलेजों के खेल पदाधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी
प्रतियोगिता में अररिया कॉलेज के खेल पदाधिकारी डॉ. संदेश यादव, फारबिसगंज कॉलेज के पीटीआई अनिल कुमार राठौर, पूर्णिया कॉलेज के टीम प्रबंधक डॉ. अजय कुमार, केबी झा कॉलेज कटिहार के खेल पदाधिकारी डॉ. विकास कुमार लाल, डीएस कॉलेज कटिहार के खेल पदाधिकारी स्वामी नंदन तथा टारगेट जीएम चेस क्लब के अमृत साजन ने मुख्य निर्णायक की भूमिका निभायी.
मंच संचालन और धन्यवाद ज्ञापन
कार्यक्रम का मंच संचालन पूर्णिया महिला महाविद्यालय के खेल पदाधिकारी प्रो. कुमार गौरव ने किया. धन्यवाद ज्ञापन हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. मीना कुमारी रजक ने किया. समारोह में विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षक, खेल पदाधिकारी और प्रतिभागी मौजूद रहे.
